दशहरे पर रायपुर में भाजपा-कांग्रेस की जुबानी जंग: रावण कौन?

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा धूमधाम से मनाया जा रहा है, लेकिन प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच ‘रावण कौन और विभीषण कौन’ को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर रावण होने का आरोप लगा रही हैं।

कांग्रेस ने किया पलटवार

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के कांग्रेस को रावण कहने के बयान पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने पलटवार किया। बैज ने कहा, “रावण कौन है और विभीषण कौन, यह समय आने पर पता चल जाएगा। बीजेपी में विभीषणों की कमी नहीं है, बल्कि पूरी पार्टी ही रावण बन चुकी है। बीजेपी के नेता रावण की तरह काम कर रहे हैं। 2028 में असत्य पर सत्य की जीत होगी।”

केंद्रीय राज्यमंत्री का जवाब

पीसीसी चीफ के बयान पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “दीपक बैज को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और अपनी पार्टी के भीतर देखना चाहिए। दीपक बैज का कौन-कितना सुनता है। बीजेपी को रावण कहना उनकी घटिया सोच का परिणाम है।”

दशहरे के मौके पर पुरंदर मिश्रा का बयान

वहीं, भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने दशहरे के मौके पर कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा था कि “कांग्रेस रावण है, उसके भी दस सिर हैं, जो एक-एक कर कटते जा रहे हैं। दशहरा असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। कांग्रेस झूठ बोलती है, उसमें सभी रावण हैं, एक विभीषण भी है।”

जैम पोर्टल और बायोमेट्रिक सिस्टम पर कांग्रेस का आरोप

दीपक बैज ने CM विष्णुदेव साय द्वारा जैम पोर्टल से जुड़ी खरीदी में जांच की घोषणा पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल आपकी ही सरकार में पारदर्शिता के लिए शुरू हुआ था, अब भ्रष्टाचार की बात क्यों हो रही है? जनता की गाढ़ी कमाई लूटने का यह जरिया बन गया है और अगर भ्रष्टाचार है, तो इसके लिए CM जिम्मेदार हैं।

साथ ही बायोमेट्रिक हाजिरी सिस्टम को लेकर उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सरकार की नाकामियों को छुपाने की कोशिश है। बैज ने कहा कि पहले मंत्रियों के बंगलों में बायोमेट्रिक लगाया जाना चाहिए।

सियासी तापमान चढ़ा

दशहरे के पर्व पर जहां नेता जनता को नैतिकता और सत्य का संदेश दे रहे हैं, वहीं ‘रावण-विभीषण’ जैसे शब्दों के माध्यम से राजनीतिक जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के बीच यह बयानबाज़ी प्रदेश में सियासी तापमान बढ़ाने का काम कर रही है।

Youthwings