विश्वविद्यालयों की रैंकिंग जारी: छत्तीसगढ़ के विश्वविद्यालय फिर रहे पीछे, सभी यूनिवर्सिटी टॉप 100 से बाहर
नई दिल्ली/रायपुर – शिक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) 2024 की रैंकिंग आखिरकार जारी कर दी गई है। आमतौर पर यह रैंकिंग जून-जुलाई में जारी होती है, लेकिन इस बार कानूनी प्रक्रिया में उलझने के कारण इसमें देरी हुई। रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ के शासकीय विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों का प्रदर्शन इस बार भी निराशाजनक रहा है।
शासकीय विश्वविद्यालय टॉप-200 से बाहर
हाल ही में नैक से A+ ग्रेड हासिल करने वाले पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (रविवि) सहित राज्य का कोई भी सरकारी विश्वविद्यालय न तो टॉप-100 में और न ही टॉप-200 में जगह बना सका। यह स्थिति उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की कमजोरी को दर्शाती है।
कैटेगरी वाइज प्रदर्शन: कुछ संस्थानों ने दिखाई चमक
हालांकि समग्र प्रदर्शन कमजोर रहा, लेकिन कुछ संस्थानों ने विशेष श्रेणियों में बेहतर रैंकिंग हासिल की:
आईआईएम रायपुर – प्रबंधन श्रेणी में 15वां स्थान
एम्स रायपुर – मेडिकल श्रेणी में 31वीं रैंक, ओवरऑल बैंड में 101–150
आईआईटी भिलाई – ओवरऑल रैंकिंग में 72वीं रैंक (पिछले वर्ष 73वीं)
एनआईटी रायपुर – इंजीनियरिंग श्रेणी में 86वीं रैंक
कलिंगा विश्वविद्यालय – ओवरऑल बैंड में 150–200
कृषि विवि ने रैंकिंग में लगाई छलांग
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने ओवरऑल रैंकिंग में तो स्थान नहीं बनाया, लेकिन कृषि और संबद्ध क्षेत्रों की कैटेगरी में 28वीं रैंक प्राप्त कर अपनी स्थिति में सुधार किया है। पिछले वर्ष यह विवि 39वें स्थान पर था, यानी एक वर्ष में 11 पायदान की छलांग लगाई है। यह छत्तीसगढ़ से NIRF रैंकिंग में स्थान पाने वाला एकमात्र विश्वविद्यालय है।
देश के टॉप-10 संस्थान
IIT मद्रास
IISc बेंगलुरु
IIT बॉम्बे
IIT दिल्ली
IIT कानपुर
IIT खड़गपुर
IIT रुड़की
AIIMS दिल्ली
JNU दिल्ली
BHU वाराणसी
16 कैटेगरी में होती है रैंकिंग
NIRF रैंकिंग 16 श्रेणियों में संस्थानों को रैंक देती है, जिनमें शामिल हैं:
विश्वविद्यालय, कॉलेज, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, मेडिकल, फार्मेसी, लॉ, आर्किटेक्चर, डेंटल, रिसर्च संस्थान, इनोवेशन, एग्रीकल्चर और संबद्ध क्षेत्र, ओपन यूनिवर्सिटी, स्किल यूनिवर्सिटी और राज्य-वित्तपोषित सार्वजनिक विश्वविद्यालय।
वर्ष 2024 में तीन नई कैटेगरी जोड़ी गईं: ओपन यूनिवर्सिटी, स्किल यूनिवर्सिटी और राज्य-वित्तपोषित सार्वजनिक विश्वविद्यालय।
