Ram Mandir Flag Hoisting:पूर्व संध्या पर राम मंदिर जगमगाया, 21 किलो स्वर्ण से सजा ध्वज दंड — 32 मिनट के शुभ मुहूर्त में पीएम मोदी करेंगे ध्वजारोहण
Ram Mandir Flag Hoisting: अयोध्या में राम मंदिर आज इतिहास रचने जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के शिखर पर पवित्र भगवा ध्वज फहराएंगे। ध्वजारोहण से एक दिन पहले पूरा मंदिर परिसर दिव्य रोशनी में नहाया नजर आया। इस विशेष अवसर पर मंदिर के ध्वज दंड को 21 किलो स्वर्ण से सजाया गया है, जो पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है।

PM मोदी आज पहुंचेंगे अयोध्या, रोड शो के बाद करेंगे मंदिर दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 9:30 बजे अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह हेलिकॉप्टर द्वारा साकेत कॉलेज पहुंचेंगे और फिर रामपथ पर रोड शो करते हुए अयोध्या वासियों का अभिवादन करेंगे।
क़रीब एक किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 12 जगहों पर फूल वर्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य तैयारियां की गई हैं।
मंदिर परिसर में विशेष दर्शन— सप्त ऋषि मंदिर से रामलला तक
पीएम मोदी का राम मंदिर दौरा धार्मिक परंपराओं से भरा होगा। वे सबसे पहले निम्न स्थानों पर दर्शन करेंगे—
- सप्त ऋषि मंदिर (महर्षि वशिष्ठ, विश्वामित्र, अगस्त्य आदि)
- शेषावतार मंदिर
- माता अन्नपूर्णा मंदिर
- रामलला एवं राम दरबार गर्भगृह
यह सभी दर्शन-पूजन वे पंचमी तिथि के अभिजीत मुहूर्त में करेंगे।

11:58 AM से 1 PM के बीच होगा ध्वजारोहण — 10×20 फीट के पवित्र भगवा ध्वज का आरोहण
करीब 10 फीट ऊंचे और 20 फीट लंबे त्रिकोणीय भगवा ध्वज को मंदिर के शिखर पर फहराया जाएगा।
इस ध्वज पर—
- भगवान श्रीराम की प्रतिमा
- वीरता के प्रतीक सूर्य
- कोविदार वृक्ष
- और ‘ॐ’ का पवित्र चिन्ह उकेरा गया है
ध्वज रामराज्य के आदर्शों और भारतीय संस्कृति की निरंतरता का संदेश देगा।

मंदिर की वास्तुकला— उत्तर भारतीय शैली का भव्य शिखर, दक्षिण भारतीय शैली का परकोटा
- राम मंदिर का शिखर पारंपरिक उत्तर भारतीय नागर शैली में बना है
- जबकि 800 मीटर लंबा परकोटा दक्षिण भारतीय वास्तुकला पर आधारित है
मंदिर की बाहरी दीवारों पर वाल्मीकि रामायण के 87 प्रसंग पत्थरों पर उकेरे गए हैं। वहीं घेरों की दीवारों पर भारतीय संस्कृति से जुड़े 79 कांस्य दृश्य अंकित हैं।
21 किलो सोने से सजा है 161 फीट ऊंचा ध्वज दंड
ध्वजारोहण के लिए तैयार 161 फीट लंबे ध्वज दंड को मुंबई के कारीगरों ने 21 किलो सोने की परत से सजाया है। यह वही स्थान है, जहां 5 अगस्त 2020 को भूमि पूजन किया गया था भूमि की सतह से नाभि दंड की कुल ऊंचाई 211 फीट है, जिनमें से अधिकांश भाग अब स्वर्ण मंडित है। राम मंदिर के पश्चिमी हिस्से में यह दिव्य स्वर्ण दंड दूर से ही चमकता दिखाई दे रहा है।

