Nakti Gaon News: बड़ी राहत! विधायक कॉलोनी के लिए नहीं टूटेगा रायपुर का नकटी गांव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल का आश्वासन

Nakti Gaon News

Nakti Gaon News

Nakti Gaon News: रायपुर के समीप नकटी गांव में विधायक कॉलोनी बनाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। ग्रामीणों के जबरदस्त विरोध और आक्रोश के बाद, रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि विधायक कॉलोनी बनाने के लिए नकटी गांव के घरों को अब नहीं तोड़ा जाएगा।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दावा किया कि उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को बुलाकर निर्देश दिए हैं कि गांव को उजाड़ा न जाए। उन्होंने कहा कि विधायक कॉलोनी को गांव के घरों को हटाए बिना भी बनाया जा सकता है। अग्रवाल ने याद दिलाया कि “लगभग 7 साल पहले भी यह मुद्दा उठा था और उस समय मैंने उस गांव को उजड़ने से बचाया था।” उन्होंने बताया कि “मुझसे एक-दो दिन पहले उस गांव के लोग आकर मिले थे, तो मैंने उन लोगों को इस बात का विश्वास दिया है कि आपके घर नहीं तोड़े जाएंगे।”

सांसद ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि “मेरी जानकारी में 15 घर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने हैं, इसलिए किसी को भी बेघर नहीं किया जाएगा, किसी का घर तोड़ा नहीं जाएगा। अधिकारियों से मेरी चर्चा हो गई है।”

आपको बता दें कि पिछले दिनों ग्रामीणों को एसडीएम से नोटिस मिलने के बाद उन्होंने उग्र प्रदर्शन किया था। इस दौरान महिलाओं ने क्षेत्र के विधायक से लेकर सांसद तक के लिए भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अपशब्दों का प्रयोग किया था।

नकटी गांव का परिचय

नकटी गांव में कच्चे और पक्के मिलाकर करीब 80 घर बने हैं। इन घरों में साहू, यादव और सतनामी समुदाय के लगभग 300 लोग रहते हैं। ये ग्रामीण मुख्य रूप से खेती-किसानी और मजदूरी पर निर्भर हैं। गांव के बच्चे स्कूल जाते हैं, लेकिन हाल ही में महिलाएं और बच्चे भी घरों को बचाए रखने की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। अब सांसद के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनके घर सुरक्षित रहेंगे।

Youthwings