रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का 93 साल की उम्र में निधन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके निधन से रायपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

1977 में रचा था इतिहास

रजनी ताई उपासने ने 1977 के विधानसभा चुनाव में इतिहास रचा था। उन्होंने जनता पार्टी के टिकट पर कांग्रेस की शारदा चरण तिवारी को हराकर रायपुर सीट अपने नाम की थी। इस जीत के साथ ही वे रायपुर शहर की पहली महिला विधायक बनीं। राजनीति में सक्रिय होने से पहले ही वे जनसंघ से जुड़ी रहीं और कई आंदोलनों में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।

रायपुर की एकमात्र महिला विधायक

रायपुर के लोकतांत्रिक इतिहास में आज तक सिर्फ एक ही बार महिला विधायक चुनी गई हैं और वह थीं रजनी ताई उपासने। 46 साल की उम्र में विधायक बनने के बाद उन्होंने अपनी सादगी, ईमानदारी और जनता के प्रति समर्पण से राजनीति में अलग पहचान बनाई।

राजनीतिक और सामाजिक योगदान

रजनी ताई का जीवन राजनीति से आगे भी जनता के लिए समर्पित रहा। वे समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण के कार्यों से भी जुड़ी रहीं। उनके संघर्षों ने न सिर्फ उन्हें राजनीति में विशेष स्थान दिलाया, बल्कि रायपुर के लोकतांत्रिक इतिहास में उन्हें प्रेरणादायी महिला नेतृत्व के रूप में स्थापित किया।

Youthwings