ISIS मॉड्यूल में फंसाए गए रायपुर के 2 नाबालिग, पाकिस्तान–सीरिया–इराक तक जुड़े तार
आतंक का नया नेटवर्क सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार अब छत्तीसगढ़ के रायपुर तक पहुंच रहे हैं। राज्य ATS ने UAPA के तहत दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है, जिनके संबंध सीधे ISIS के पाकिस्तानी मॉड्यूल से जुड़े मिले हैं। जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।
ATS सूत्रों के मुताबिक, दोनों नाबालिग पिछले दो साल से ISIS के सीरिया और इराक में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। ऑनलाइन चैटिंग के जरिए उनका पूरी तरह ब्रेनवॉश किया जा चुका था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि विदेशी हैंडलर्स ने उन्हें भारत को खत्म करने और चीन पर कब्जे की तैयारी जैसे कट्टरपंथी विचार दिए थे।
पूछताछ में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि नाबालिगों के चैट पैटर्न में कट्टरपंथी कंटेंट, विदेशी भाषाओं में निर्देश और डार्क वेब से हथियार खरीदने की कोशिश के सबूत मिले हैं। ATS को उनसे हथियारों की श्रेणियों, कीमतों और खरीद की सूची भी मिली है। दोनों अरबी भाषा सीखने के ट्यूटोरियल और कोर्स का भी उपयोग कर रहे थे ताकि विदेशी हैंडलर्स से सीधे संवाद किया जा सके।
खतरा यहीं खत्म नहीं हुआ—दोनों नाबालिगों ने इंस्टाग्राम पर ‘ISIS Raipur’ नाम से एक ग्रुप भी बनाया था। ATS को आशंका है कि वे दिल्ली जैसे हमले की तर्ज पर छत्तीसगढ़ या देश के किसी भी हिस्से में बड़ी वारदात की प्लानिंग कर सकते थे।
जांच में पकड़े गए भिलाई के 4 युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, लेकिन उनके मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं। ATS ने इंस्टाग्राम से भी डेटा मांगा है ताकि इस नेटवर्क की पूरी चेन सामने आ सके।
