Raipur Septic Tank Accident: रामकृष्ण हॉस्पिटल में हादसे के बाद फूटा गुस्सा, अस्पताल में परिजनों का हंगामा, जिम्मेदार कौन?
Raipur Septic Tank Accident Tragedy: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में हुए दर्दनाक हादसे में तीन सफाई कर्मियों की मौत हो गई। यह घटना सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हुई, जहां जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की जान चली गई।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले एक सफाई कर्मी सेप्टिक टैंक में सफाई के लिए उतरा। जब वह अंदर बेहोश हो गया, तो उसे बाहर निकालने के प्रयास में दो अन्य कर्मी भी नीचे उतरे। दुर्भाग्यवश, तीनों ही जहरीली गैस की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ये सभी कर्मचारी ठेका कंपनी के माध्यम से काम कर रहे थे। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।
बाद में उपकरण के साथ उतरा अस्पताल कर्मचारी
सूत्रों के अनुसार, बाद में अस्पताल प्रबंधन का एक कर्मचारी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ अंदर उतरा, ताकि फंसे हुए कर्मियों को बाहर निकाला जा सके। हालांकि तब तक स्थिति गंभीर हो चुकी थी।
यह गौर फरमाने वाली बात है कि जिस ठेका कंपनी से ये मजदूर आये थे ये जिम्मेदारी उस कंपनी की बनती थी कि उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराया जाए। पर कंपनी ने मजूदरों की जान की जरा भी परवाह न करते हुए घोर लापरवाही दिखाई।
ठेका कंपनी पर गंभीर आरोप
परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरी घटना में ठेका कंपनी की लापरवाही सामने आ रही है, क्योंकि अनुबंध के तहत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी थी। यदि समय पर सही उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो यह हादसा टल सकता था।
मौत के बाद भी अमानवीय व्यवहार
मजदूरों की मौत के बाद कुछ विचलित करने वाली तस्वीरें सामने आई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सफाई कर्मियों के शवों को किस तरह लेकर आया जा रहा है और एम्बुलेंस में बेहद ही असंवेदनशील तरीके से डाला जा रहा है। जैसे ही ये तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।
हंगामा और जांच
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर विरोध किया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
टिकरापारा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी।
