Raipur News: रिंग रोड नं.1 पर ट्रैफिक से राहत, 100 करोड़ की लागत से सरोना से लाभांडी तक सर्विस लेन होगी चौड़ी
Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नागरिकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। शहर में लंबे समय से ट्रैफिक दबाव झेल रही रिंग रोड नंबर-1 पर अब सुधार की दिशा में ठोस पहल हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर सरोना से लाभांडी तक सर्विस लेन चौड़ीकरण परियोजना को मंजूरी दे दी है।
करीब 14.25 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में दोनों ओर की सर्विस लेन को मौजूदा 5.5 मीटर से बढ़ाकर 10-10 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 99.72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
रिंग रोड नंबर-1 रायपुर की प्रमुख लाइफलाइन सड़कों में से एक है, जहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। भारी वाहनों की आवाजाही और सर्विस लेन की कम चौड़ाई के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। चौड़ीकरण के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जताया आभार
परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद रायपुर से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि रिंग रोड नंबर-1 पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से अब जल्द ही राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से सर्विस रोड का चौड़ीकरण रायपुर के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका संकल्प है कि रायपुर को सुगम और विकसित शहर बनाया जाए।
इन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा फायदा
सर्विस लेन चौड़ीकरण का लाभ लाभांडी, तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, संतोषी नगर, भाठागांव अंतरराज्यीय बस स्टैंड और सरोना जैसे प्रमुख इलाकों को मिलेगा।
इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। अभी तक लोडिंग-अनलोडिंग और लोकल ट्रैफिक के कारण मुख्य मार्ग पर दबाव बढ़ जाता था। चौड़ीकरण के बाद सर्विस लेन का उपयोग बेहतर तरीके से हो सकेगा और मुख्य सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी सुधरेगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना से राजधानी में रोजमर्रा के सफर को आसान बनाने में मदद मिलेगी और जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी।
