तेलीबांधा चौक हादसे के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, विकास उपाध्याय ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार
Raipur : राजधानी रायपुर में लगातार हो रहे सड़क हादसों के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में तेलीबांधा चौक पर हुए हालिया सड़क दुर्घटना को लेकर स्थानीय लोग सड़क पर उतरे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
विकास उपाध्याय ने कहा कि राजधानी सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। तेलीबांधा चौक पर एक युवती की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद लोगों में आक्रोश फूट पड़ा, लेकिन सरकार और प्रशासन चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तेलीबांधा इलाके में लगातार हो रही जानलेवा दुर्घटनाओं पर रोक लगाने कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
पूर्व विधायक ने बताया कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के नीचे एक अनियंत्रित गाड़ी ने तीन लोगों को कुचल दिया था, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, सालासार धाम चौक के पास एक बच्ची की भी हादसे में जान चली गई। उन्होंने कहा कि इन हादसों से सरकार ने कोई सबक नहीं लिया, न तो स्पीड कंट्रोल के उपाय किए गए और न ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।
स्पीड ब्रेकर की मांग और चक्का जाम की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि तेलीबांधा चौक पर मानक मापदंड के तहत स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। उपाध्याय ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता बाध्य होकर बड़े स्तर पर चक्का जाम करेगी।
शासन-प्रशासन हादसों का जिम्मेदार – उपाध्याय
विकास उपाध्याय ने प्रदेशभर में हो रही दुर्घटनाओं के लिए शासन और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि हाल ही में खरोरा में हुए हादसे में दर्जनों लोगों की मौत हुई, क्योंकि जिस गाड़ी से दुर्घटना हुई, वह निर्माण नियमों के विरुद्ध थी, और फिर भी प्रशासन ने उसे चलने दिया।
2024 में 14853 हादसे, 6752 मौतें
उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2024 में छत्तीसगढ़ में कुल 14,853 सड़क हादसे हुए, जिनमें 6,752 लोगों की मौत और 12,573 लोग घायल हुए। उन्होंने सवाल किया कि इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद सरकार का रवैया बेहद लापरवाह है।
प्रदर्शन में शामिल रहे ये प्रमुख लोग
इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के साथ गिरेवाल मैडम, अजय सिंग, मनोज परासर, गोपाल उगरा, शुभांकर शर्मा, शैलेष मुंदड़ा, पीयूष रावटे, उधोराम वर्मा, इदरिश गांधी, कमलाकांत शुक्ला, गौरीशंकर दुबे, योगेश दीक्षित, संदीप सिरमोर, श्रीनिवास शीनू, तारीख खान गिन्नी, अमित शर्मा मोन्टा, राहुल शारदा, संजय पाठक, मन्नू बाजपेयी, कुलदीप ध्रुव, अभय ठाकुर, रूपेश कुमार साहू, पिंकी बाग, भास्कर दुबे, शिवा खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
