Raipur Religious Conversion Case: राजधानी रायपुर में धर्मांतरण का बड़ा मामला! बेटी के बाद बेटे पर धर्म बदलने का दबाव, विरोध करने पर परिवार से मारपीट
Raipur Religious Conversion Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में धर्मांतरण (Religious Conversion) से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह इलाके में एक परिवार ने आरोप लगाया है कि उन पर लगातार ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने पर महिलाओं द्वारा परिवार के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले बेटी का कराया धर्म परिवर्तन, अब बेटे पर दबाव
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने पहले उनकी छोटी बेटी का धर्म परिवर्तन करवा दिया था। इसके बाद अब उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों पर भी लगातार धर्म जबरन धर्म बदलने का दबाव डाला जा रहा है। जब परिवार ने इस अवैध दबाव का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें घर में कैद करने और इलाज के लिए बाहर न जाने देने की धमकी दी गई।
दो महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यू राजेंद्र नगर थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विशाखा मसीह और दुलारी साहू नामक दो महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
