रायपुर रजिस्ट्री ऑफिस में सर्वर डाउन: लोगों का काम ठप, प्रशासन बना रहा बहाने
रायपुर। राजधानी के पंजीयन कार्यालय में सर्वर डाउन होने से रजिस्ट्री का काम पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। पिछले कई दिनों से सैकड़ों लोग दस्तावेज पंजीयन कराने पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें बार-बार तारीख बदलकर वापस भेज दिया जा रहा है। इनमें कई लोग ऐसे भी हैं जो दूसरे राज्यों से समय निकालकर आए हैं, लेकिन तकनीकी खामी के चलते उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
कार्यालय पहुंचे लोगों का कहना है कि नए सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद से सर्वर लगातार डाउन हो रहा है। तीन दिनों से रजिस्ट्री का काम नहीं हो पा रहा है। सुबह से शाम तक इंतजार करने के बाद लोगों को अगले दिन का स्लॉट दे दिया जाता है, लेकिन अगले दिन भी यही हाल रहता है। प्रशासनिक अधिकारी इस मामले में कोई ठोस जवाब देने से बच रहे हैं, जिससे लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
सरकार को राजस्व का नुकसान
सर्वर डाउन होने से न सिर्फ आम लोगों का समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि सरकार को राजस्व का भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। रोजाना हजारों रजिस्ट्री दस्तावेजों से होने वाली आमदनी अब ठप पड़ी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत इस समस्या का समाधान किया जाए और पंजीयन प्रक्रिया को फिर से शुरू किया जाए।
