हावड़ा–मुंबई एक्सप्रेस में मानव तस्करी का पर्दाफाश, रायपुर स्टेशन पर ट्रेन से 6 नाबालिग बच्चे बरामद

रायपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी, चाइल्ड हेल्पलाइन और बचपन बचाओ आंदोलन (बीबीए) की संयुक्त टीम ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में दबिश देकर मानव तस्करी का पर्दाफाश किया। गुरुवार देर रात टीम ने हावड़ा-मुंबई एक्सप्रेस से हावड़ा से मुंबई ले जा रहे 6 नाबालिग बच्चों को बरामद किया। सभी बच्चों की उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच है और वे कोलकाता के निवासी हैं।

 

सूचना पर ट्रेन में छापेमारी

टीम को सूचना मिली थी कि एक मानव तस्कर नाबालिग बच्चों को हावड़ा-मुंबई एक्सप्रेस से हावड़ा से मुंबई ले जा रहा है। सूचना के आधार पर RPF, GRP, चाइल्ड हेल्पलाइन और बीबीए की संयुक्त टीम ने ट्रेन में दबिश दी। एस-3 बोगी से 6 नाबालिग बच्चों को बरामद किया गया।

 

तस्कर ने होटल में काम कराने की थी योजना

कार्रवाई के दौरान एक आरोपी फिरोज अली मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि तस्कर सभी नाबालिगों को मुंबई के एक होटल में काम कराने के लिए ले जा रहा था। इस मामले में जीआरपी थाने में आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

बच्चों को सुरक्षित रखा गया

बरामद किए गए सभी बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है।

कार्रवाई में शामिल अधिकारी

इस सफल अभियान में जीआरपी प्रभारी बीएन मिश्रा, आरपीएफ प्रभारी कर्मपाल सिंह गुर्जर, स्टेशन चाइल्ड लाइन सुपरवाइजर विजय कुमार साहू, पंचराम धुर्वे एवं आशीष कुमार साकेत (सहायक प्रोग्राम ऑफिसर, बचपन बचाओ आंदोलन), आरपीएफ उप निरीक्षक एजेड चौधरी, सउनि अरविंद सिंह और जीआरपी की प्रिया भारती ने अहम भूमिका निभाई।

Youthwings