Raipur Railway :रेलवे स्टेशन में बैटरी ऑपरेटेड कार का विरोध, कुलियों ने किया प्रदर्शन
रायपुर। राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन में बैटरी ऑपरेटेड कार (बैटरी चलित वाहन) सुविधा शुरू किए जाने के खिलाफ लाइसेंसी पोर्टरों (कुलियों) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कुलियों ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ स्टेशन परिसर में नारेबाजी की और बाद में रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बैटरी ऑपरेटेड कार सेवा को बंद करने की मांग की।
रोजगार छिनने का डर
कुलियों का कहना है कि रेलवे द्वारा चलाई जा रही बैटरी ऑपरेटेड कार सुविधा से उनके रोजगार पर सीधा असर पड़ रहा है। यात्रियों के सामान ढोने का काम धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट मंडराने लगा है। उनका आरोप है कि यह व्यवस्था उनके काम को पूरी तरह प्रभावित कर रही है।
रेलवे का पक्ष
वहीं, रेलवे अधिकारियों ने साफ किया है कि बैटरी ऑपरेटेड कार सेवा आम यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई है। वरिष्ठ डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने कहा कि रेल यात्रियों की सुविधाएं लगातार बढ़ाई जा रही हैं, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने कुलियों की समस्याओं को सुना, लेकिन स्पष्ट किया कि यात्रियों की सहूलियत के लिए शुरू की गई इस सेवा को बंद करना संभव नहीं है।
प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी
कुलियों ने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेंगे। उनका कहना है कि रेलवे को यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ उनके रोजगार की भी सुरक्षा करनी चाहिए। फिलहाल, बैटरी ऑपरेटेड कार सेवा और कुलियों के विरोध के बीच टकराव का माहौल बना हुआ है।
