रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर की पत्नी शुभ्रा तोमर गिरफ्तार, तोमर ब्रदर्स की तलाश जारी

रायपुर। तोमर ब्रदर्स की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर की पत्नी शुभ्रा तोमर को गिरफ्तार कर लिया। शुभ्रा के खिलाफ संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं के तहत पुरानी बस्ती थाने में एफआईआर दर्ज है।

वहीं, मुख्य आरोपी वीरेंद्र तोमर और उसके भाई रोहित तोमर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

तीन से अधिक संगीन मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र और रोहित तोमर पर कर्जा एक्ट, ब्लैकमेलिंग और संगठित अपराध से जुड़े तीन से ज्यादा मामले पहले से दर्ज हैं। गुरुवार को एक मीडियाकर्मी से बदसलूकी की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तोमर ब्रदर्स के ठिकानों पर दोबारा छापेमारी की, जिसके दौरान शुभ्रा तोमर को हिरासत में लिया गया।

पुलिस अधिकारी का बयान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल ने बताया कि, “तोमर ब्रदर्स के खिलाफ पहले से संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आज मीडिया प्रतिनिधि के साथ दुर्व्यवहार की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुभ्रा तोमर को गिरफ्तार किया है।”

उन्होंने बताया कि पुरानी बस्ती सीएसपी राजेश देवांगन के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही वीरेंद्र और रोहित तोमर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जांच और कार्रवाई जारी

फिलहाल शुभ्रा तोमर से पूछताछ जारी है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Youthwings