राजनीतिक नेताओं और कारोबारी घरानों से जुड़ा Navya Malik का नेटवर्क? कॉल डिटेल्स ने खोले कई राज..
रायपुर। राजधानी में ड्रग्स मामले की जांच कर रही पुलिस को नव्या मलिक की मोबाइल कॉल हिस्ट्री ने चौंका दिया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने उन सभी लोगों की सूची तैयार कर ली है, जो ड्रग्स क्वीन से लगातार संपर्क में थे। इनमें स्पंज आयरन, सराफा और बड़े कपड़ा कारोबारियों के बच्चों के नाम भी सामने आ रहे हैं।
जांच में खुलासा हुआ है कि नव्या मलिक के मोबाइल व चैट से 350 से ज्यादा फोन नंबर मिले हैं। वह इनसे न सिर्फ लगातार बातचीत करती थी बल्कि ड्रग्स सप्लाई और नाइट पार्टी में भी शामिल होती थी। खास बात यह है कि राज्य के एक बड़े शराब कारोबारी के बेटे से उसकी सबसे ज्यादा बातचीत दर्ज हुई है। दोनों कई बार मुंबई भी साथ गए हैं।
पुलिस ने फिलहाल ऐसे लोगों की सूची बना ली है और सभी को पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी चल रही है। हालांकि अब तक केवल 5-6 लोगों को ही तलब किया गया है, बाकी को जल्द नोटिस भेजे जाएंगे।
सूत्र बताते हैं कि नव्या के संपर्क में कई राजनीतिक दलों के युवा नेता भी थे। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है। उधर, नव्या मलिक और उसके साथी अयान की रिमांड गुरुवार तक है और दोनों से अलग-अलग पूछताछ में अहम जानकारियां सामने आई हैं। इन्हीं के आधार पर आगे की जांच बढ़ाई जाएगी।
चर्चा यह भी है कि पुलिस नव्या मलिक के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप से जुड़े मामले में एक और एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
