रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब-छत्तीसगढ़ हेरोइन नेटवर्क का भंडाफोड़, 4 तस्कर गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर पुलिस को अवैध नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पंजाब से रायपुर तक फैले हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने चार अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी के पास से विदेशी पिस्टल भी बरामद की गई है।
यह कार्रवाई Raipur पुलिस द्वारा लंबे समय तक की गई जांच के बाद की गई। डीसीपी पश्चिम संदीप कुमार पटेल और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एसीपी इशू अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने पंजाब में छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा।
जांच में सामने आया कि रायपुर में हेरोइन की सप्लाई का मुख्य स्रोत पंजाब था। तस्कर ट्रक ड्राइवरों को लालच देकर उनके जरिए माल की ढुलाई करते थे, जिससे पुलिस को शक नहीं होता था क्योंकि ट्रकों में सामान्य व्यापारिक सामान भी रहता था।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कबीरनगर, आमानाका थाना और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई थी। तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और मानव स्रोतों के आधार पर पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया गया, जिसमें स्थानीय वितरकों से लेकर पंजाब के मुख्य सप्लायर तक को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कवलजीत सिंह पन्नू, तरसेम सिंह उर्फ साजन, विक्की सिंह और जनक राज शामिल हैं। पुलिस के अनुसार कवलजीत सिंह पन्नू पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क से हेरोइन खरीदने वाला प्रमुख सप्लायर था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 11.82 ग्राम हेरोइन, एक विदेशी बरेटा पिस्टल, जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से न केवल एक बड़े ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ है, बल्कि आगे की जांच में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
