IND vs SA मैच की टिकटें ब्लैक कर रहे दो युवक गिरफ्तार, पुलिस ने ग्राहक बनकर रंगे हाथों पकड़ा
रायपुर। भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दूसरे वनडे मैच की टिकटों की कालाबाजारी के आरोप में रायपुर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र से पकड़े गए इन आरोपियों के पास से 2500 रुपये मूल्य की सात टिकटें बरामद हुई हैं, जिन्हें वे दोगुनी कीमत यानी 5 हजार रुपये प्रति टिकट बेच रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋतिक माखीजा (25 वर्ष) पिता दीपक माखीजा और देवव्रत माखीजा (21 वर्ष) पिता संजय माखीजा के रूप में हुई है। दोनों फाफाडीह स्थित अमित सेल्स के पास रहते हैं और आपस में रिश्तेदार हैं। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर सिविल लाइन थाने की टीम ने ग्राहक बनकर फोन पर संपर्क किया। 5 हजार रुपये के रेट पर टिकटें देने के बहाने वे शंकरनगर के भारत माता चौक पहुंचे, जहां उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर टिकटें ब्लैक बेच रहे थे।
मैच से पहले टिकट कालाबाजारी रोकने के लिए सभी थानों को सतर्क रहने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सिविल लाइन के सीएसपी रमाकांत साहू ने बताया कि कई स्तरों पर तैयारी की गई है। लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं टिकट ब्लैकिंग की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
टिकट ठगी का भी मामला: युवती से 6 हजार ऐंठे, स्टेडियम पर गायब हो गया ठग
मैच की धूम के बीच एक अन्य ठगी का मामला भी सामने आया है। अमलीडीह निवासी एक युवती को 20 लोअर टिकटें देने के झांसे में ठग ने 6 हजार रुपये उसके ऑनलाइन खाते में ट्रांसफर करवा लिए। बाकी भुगतान और टिकट देने के नाम पर ठग ने युवती को नवा रायपुर स्टेडियम बुलाया, लेकिन वहां पहुंचने पर घंटों फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। युवती ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
इसके अलावा, टिकट बेचने वाली कंपनी पर भी आरोप लग रहे हैं कि वह 50 प्रतिशत टिकटें बेचकर बाकी 50 प्रतिशत रोककर डबल दाम में बेच रही है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
मैच की तैयारियां जोरों पर: 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात, IG की बैठक जारी
भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज का दूसरा मैच 3 दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। स्टेडियम को BCCI को हैंडओवर करने के बाद यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच होगा, जहां बीसीसीआई के नियमों के तहत सख्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। IG रायपुर रेंज और DIG गिरिजाशंकर जायसवाल ने SSP रायपुर समेत DSP व ASP स्तर के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की, जिसमें यातायात, होटल, स्टेडियम और पूरे रूट पर सुरक्षा पर चर्चा हुई। मैच के दौरान करीब 2 हजार पुलिस अधिकारी व जवान तैनात रहेंगे।
दोनों टीमें सोमवार को रांची से चार्टर्ड प्लेन से शाम 4:30 बजे माना एयरपोर्ट पहुंचेंगी और सीधे होटल रवाना हो जाएंगी। मंगलवार से प्रैक्टिस सेशन शुरू होगा। पहला वनडे रांची में खेला गया था, जहां भारत ने जीत हासिल की। तीसरा वनडे 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में होगा।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सीरीज बेहद रोमांचक होने वाली है, लेकिन टिकट कालाबाजारी जैसे अपराधों पर पुलिस की सतर्कता से प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
