रायपुर पुलिस ने हाईप्रोफाइल ड्रग्स पैडलर नव्या मलिक को मुंबई से दबोचा, रायपुर में अयान खान भी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी पुलिस ने ड्रग्स और सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस की टीम ने शुक्रवार देर रात मुंबई से हाईप्रोफाइल ड्रग्स पैडलर नव्या मलिक को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी ओर रायपुर से ड्रग्स पैडलर अयान खान को भी पुलिस ने दबोचा है।

पुलिस ने नव्या के पास से 30 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि नव्या मलिक लंबे समय से रायपुर के बड़े कारोबारी और रसूखदार परिवारों से जुड़े लोगों को ड्रग्स सप्लाई करती थी। वह मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े शहरों से ड्रग्स मंगाकर राजधानी रायपुर में क्लब्स, हाईप्रोफाइल इवेंट्स और प्राइवेट पार्टीज के जरिए अपना नेटवर्क फैलाती थी।

रिच लाइफस्टाइल के सहारे बनाया नेटवर्क

नव्या मलिक की पहचान रिच लाइफस्टाइल, महंगे कपड़े और हाईप्रोफाइल पार्टीज में मौजूदगी के लिए थी। इन माध्यमों से वह नए ग्राहकों को अपने सिंडिकेट से जोड़ती और ड्रग्स का नेटवर्क खड़ा करती थी। जानकारी के मुताबिक, नव्या बीते दिनों गिरफ्तार ड्रग्स पैडलर हर्ष आहूजा की करीबी रही है। दोनों मिलकर इस पूरे रैकेट को संचालित करते थे। हर्ष की गिरफ्तारी के बाद ही नव्या का नाम सामने आया और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।

मुंबई से थी फरार, ट्रेन से करती थी सप्लाई

हर्ष आहूजा की गिरफ्तारी के बाद नव्या फरार हो गई थी। पुलिस ने उसके रायपुर स्थित कटोरा तालाब इलाके के घर पर भी छापेमारी की थी, लेकिन वह हाथ नहीं आई। बताया जा रहा है कि वह मुंबई में छिपी थी और रायपुर समेत दिल्ली से जुड़े संपर्कों से बातचीत पूरी तरह बंद कर चुकी थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नव्या ट्रेन के रास्ते मुंबई और दिल्ली से रायपुर ड्रग्स लाया करती थी और ग्राहकों की डिमांड के अनुसार सप्लाई करती थी।

पुलिस की सख्त जांच जारी

पुलिस अधिकारियों ने नव्या से पूछताछ शुरू कर दी है। उसका मोबाइल जब्त कर तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। डिलीट डेटा रिकवर करने की कोशिश की जा रही है ताकि उससे जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकें। माना जा रहा है कि नव्या की गिरफ्तारी के बाद कई बड़े चेहरे पुलिस की गिरफ्त में आ सकते हैं।

ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी चोट

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि हाल ही में पिंदर उर्फ पाब्लो, मनमोहन सिंह उर्फ गज्जू, हर्ष आहूजा, नव्या मलिक और दिव्या जैन जैसे तस्करों की गिरफ्तारी के बाद रायपुर में ड्रग्स सप्लाई चेन लगभग टूट चुकी है। ऑपरेशन निश्चय के तहत अब तक पुलिस ने 2 करोड़ रुपए से अधिक के ड्रग्स बरामद कर तस्करों को जेल भेजा है।

Youthwings