कांग्रेस पार्षदों की बैठक आज, निगम में नेता प्रतिपक्ष पर लगेगा मुहर
रायपुर। रायपुर नगर निगम में पिछले आठ महीनों से चल रहा नेता प्रतिपक्ष का विवाद मंगलवार को सुलझने की उम्मीद है। सभापति सूर्यकांत राठौर ने कांग्रेस के उन पांच पार्षदों को शाम 4 बजे बैठक के लिए बुलाया है, जिन्होंने पहले इस्तीफा दिया था। माना जा रहा है कि इसी बैठक में तय कर दिया जाएगा कि निगम में आखिर नेता प्रतिपक्ष कौन होगा।
बैठक को लेकर हलचल
पिछले गुरुवार को प्रस्तावित बैठक पार्षद जयश्री नायक, रोनिता प्रकाश जगत और दीप मनीराम साहू की अनुपस्थिति के कारण स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद पार्षद संदीप साहू ने नए समय की मांग की, जिसके बाद 23 सितंबर को बैठक की तारीख तय हुई। रविवार को संदीप साहू समेत अन्य चार महिला पार्षदों के पति पुरी गए हुए थे, लेकिन अब वे लौट आए हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि ये पार्षद एकजुट रह सकते हैं, जिससे संदीप साहू को बहुमत का समर्थन मिलने की संभावना मजबूत दिख रही है। सभापति सूर्यकांत राठौर ने भी साफ किया है कि मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष का फैसला हर हाल में कर लिया जाएगा।
कैसे शुरू हुआ विवाद
निगम चुनाव के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे ने संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया था। लेकिन कुछ समय बाद प्रदेश कांग्रेस ने सभी नगर निगमों की सूची जारी की, जिसमें आकाश तिवारी का नाम शामिल था। यहीं से विवाद गहराता गया। संदीप के समर्थन में पांच पार्षदों ने विरोधस्वरूप इस्तीफा भी दे दिया, हालांकि बाद में दबाव में आकर उन्हें इस्तीफा वापस लेना पड़ा।
