फिर खुली बूढ़ा तालाब चौपाटी की दुकानें! महापौर ने निगम अधिकारियों को लगाई फटकार
रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रमुख प्रतीक बूढ़ा तालाब की चौपाटी पर फिर से खुली दुकानों को नगर निगम की टीम ने रविवार को सील कर दिया। महापौर मीनल चौबे को इसकी शिकायत मिली थी, जिसके बाद वे सुबह अचानक निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचीं।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने दुकानों के खुले होने पर निगम अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान चौपाटी पर घूमने आए लोगों को भी रोकना पड़ा। महापौर ने गार्ड और ठेकेदार को भी कड़ी चेतावनी दी।
बिना पार्किंग नहीं खुलेंगी दुकानें
महापौर मीनल चौबे ने मीडिया से कहा कि पिछले कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि चौपाटी की तीन दुकानें फिर से शुरू हो गई हैं। निगम की अनुमति के बिना दुकानें खोली गईं, जबकि नियम के मुताबिक व्यावसायिक गतिविधियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था जरूरी है।
उन्होंने साफ कहा कि “जो जनता नहीं चाहेगी, वह हम बूढ़ा तालाब में नहीं होने देंगे। चौपाटी के सामने स्कूल है, ऐसे में पार्किंग संभव नहीं है। पर्यटन विभाग से दुकान मालिकों को अनुमति मिली हो सकती है, लेकिन नगर निगम के क्षेत्र में आने के कारण उन्हें निगम के नियमों का पालन करना होगा।”
पूर्ववर्ती सरकार पर साधा निशाना
महापौर ने पूर्ववर्ती सरकार पर चौपाटी खोलने का आरोप मढ़ते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार इस तरह के व्यावसायिकरण का विरोध करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा, “दुकान मालिक कह रहे हैं कि उनका यहां काफी पैसा लगा है, लेकिन हम वही होने देंगे जो जनता चाहेगी।”
इस दौरान महापौर ने निगम अधिकारियों को तीनों दुकानों को तत्काल सील करने का निर्देश दिया।
