Raipur Gangwar News: रात में बंद कर दी लाइट, फिर किया हमला -रायपुर गैंगवार का खुलासा
Raipur Gangwar News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के श्याम नगर इलाके में रविवार देर रात हुए गैंगवार ने शहर को दहला दिया। इस हिंसक घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है।
मामले में तेलीबांधा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंगवार के मुख्य आरोपी समेत चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश विश्वकर्मा, आकाश विश्वकर्मा, अनुज यादव और रजत दोडिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक लोकेश और आकाश विश्वकर्मा सगे भाई हैं।
SSP रायपुर ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि यह गैंगवार गांजा बेचने और इलाके में वर्चस्व को लेकर चल रही रंजिश के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पूरी प्लानिंग के तहत दिया गया वारदात को अंजाम
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से चाकू से हमला कर गैंगवार को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
CCTV फुटेज वायरल, चाकू से हमला करते दिखे आरोपी
गैंगवार की घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में आरोपी युवकों को पीड़ितों को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारते हुए देखा जा सकता है।
इस घटना में आदित्य कुर्रे नामक युवक की मौत हो गई है, जबकि अभय सारथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
