Raipur Ganesh Jhanki 2025: राजधानी में आज निकलेगी गणेश विसर्जन झांकियां, इन इलाकों से बिना भीड़ में फंसे देख सकते हैं नजारा
Raipur Ganesh Jhanki 2025
रायपुर | Raipur Ganesh Jhanki 2025: राजधानी रायपुर आज रात गणेश विसर्जन की भव्य झांकियों का गवाह बनेगा। परंपरागत मार्ग से निकलने वाली इन झांकियों को देखने के लिए शहरवासी बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को 6 सेक्टरों में बांटा है और लगभग 1800 जवान तैनात किए गए हैं। इस दौरान झांकियों में DJ और पटाखों पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
किन इलाकों से गुजरेंगी झांकियां
झांकियां शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीपारा और पुरानी बस्ती से निकलते हुए लाखेनगर होते हुए रायपुरा महादेव घाट तक जाएंगी। यहां से श्रद्धालु आराम से झांकियां देख सकेंगे। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग जगह पार्किंग स्थल तय किए हैं।

झांकियां देखने के लिए बेस्ट प्वॉइंट्स
अगर आप बिना भीड़ में फंसे झांकियां देखना चाहते हैं, तो राठौर चौक, गुरुनानक चौक, एमजी रोड और शारदा चौक के आसपास का इलाका सबसे अच्छा रहेगा। यहां से गुजरते समय टोकन सिस्टम लागू किया गया है, जिससे झांकियां व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ेंगी। वहीं तात्यापारा चौक से आने वाली झांकियां भी एक-एक कर प्रवेश कराई जाएंगी, जिससे वहां से भी आसानी से नजारा देखा जा सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान
-
शाम 7 बजे से झांकी मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।
-
भारी वाहनों को शहर की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।
-
महादेव घाट में विसर्जन के बाद झांकियों के वाहन अमलेश्वर या भाठागांव होकर लौटेंगे।
-
9 सितंबर को खारून नदी पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। अमलेश्वर की ओर से आने वाले वाहनों को भाठागांव, काठाडीह और दतरेंगा मार्ग से निकाला जाएगा।
-
वहीं जीई रोड जाने वाले वाहनों को टाटीबंध तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों से जाना होगा।
पुलिस की तैनाती
एसएसपी डॉ. उमेद लाल सिंह ने बताया कि सभी छह सेक्टरों में पुलिस के बड़े अधिकारी तैनात रहेंगे। उनके अधीन टीआई और एसआई सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। भीड़ में सादी वर्दी में पुलिस की टीमें भी मौजूद रहेंगी, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। अगर झांकी मार्ग पर कोई प्रतिबंधित सामान मिला या कोई नशे की हालत में पकड़ा गया, तो उस पर तुरंत कार्रवाई होगी।
