Chhattisgarh Congress Protest: रायपुर में कांग्रेस का अनोखा विरोध, बिजली बिल हाफ योजना बहाली की मांग, नेता ने खून से लिखा सीएम को पत्र
Chhattisgarh Congress Protest: छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को रायपुर के फायर ब्रिगेड चौक पर कांग्रेस नेताओं ने एक अनोखा प्रदर्शन किया, जहां पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम खून से पत्र लिखकर बिजली बिल हाफ योजना को दोबारा लागू करने की मांग की।
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी, जिससे लाखों मध्यम और गरीब उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी। लेकिन वर्तमान बीजेपी सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया है, जिसके कारण लोगों पर आर्थिक बोझ काफी बढ़ गया है।
उन्होंने कहा—“आज हालत ऐसी है कि गरीब और मध्यम वर्ग बिजली का बिल भरने में सक्षम नहीं है। इसलिए मजबूर होकर हमें खून से पत्र लिखना पड़ रहा है।”
कांग्रेस ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा ने बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू करने का वादा किया था, लेकिन अब सरकार इस मुद्दे पर चुप है।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार चुनाव में एनडीए मुफ्त बिजली का वादा कर रही थी, लेकिन छत्तीसगढ़ में जनता के लिए ऐसी कोई योजना नहीं लाई गई।
कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया और मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर बिजली बिलों में राहत देने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।
बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस के इस प्रदर्शन पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा—“कांग्रेस ने दशकों तक जनता का खून चूसा है, अब नौटंकी कर रहे हैं कि खून से पत्र लिख रहे हैं।”
मिश्रा ने दावा किया कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के माध्यम से लोगों को मुफ्त बिजली की दिशा में काम कर रही है, जो जनता के लिए अधिक स्थायी समाधान है।
