Raipur Central Jail Raid: रायपुर सेंट्रल जेल में आधी रात छापा! 40 से ज्यादा मोबाइल और आपत्तिजनक सामान जब्त
Raipur Central Jail Raid: राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल में आधी रात जेल अधिकारियों द्वारा दबिश देने की खबर सामने आई है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक जेल प्रशासन ने अचानक सर्च अभियान चलाया, जिसमें बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद किए जाने की जानकारी मिल रही है। हालांकि इस पूरे मामले की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान जेल के अलग-अलग बैरकों की तलाशी ली गई। इस दौरान मोबाइल फोन, गांजा, पेन ड्राइव समेत कई संदिग्ध सामान जब्त किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान 40 से 50 से ज्यादा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
खबर यह भी है कि जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर मुकेश बनिया के पास से भी एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि जेल में कई हाईप्रोफाइल कैदी बंद हैं, जिनकी गतिविधियों पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि हाल ही में जेल के एक बैरक में रोजा-इफ्तार पार्टी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसी के बाद जेल प्रशासन सतर्क हुआ और आधी रात को अचानक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
हालांकि इस पूरे मामले में जेल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन विश्वस्त सूत्रों के हवाले से यह खबर सामने आ रही है कि तलाशी अभियान में बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामान जब्त किया गया है।
