Raipur-Bilaspur Highway Accident: रायपुर-बिलासपुर हाइवे पर तीन दिन में तीन बड़े हादसे, चार लोगों की मौत – सभी बिना हेलमेट के थे सवार

Raipur-Bilaspur Highway Accident

Raipur-Bilaspur Highway Accident

रायपुर। Raipur-Bilaspur Highway Accident: रायपुर-बिलासपुर हाइवे एक बार फिर हादसों के लिए सुर्खियों में है। सांकरा से सिमगा सिक्स लाइन पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों में दहशत फैला दी है। सिर्फ तीन दिनों में तीन बड़े हादसों में चार लोगों की जान चली गई है — जिनमें दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि सभी मृतक बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।

मां-बेटे की मौत से मचा हड़कंप

ताजा हादसा शुक्रवार को हुआ, जब अमर जवान पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 42 वर्षीय धनंजय कुमार साहू और उनकी मां पार्वती साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वे बाइक (CG 04 FJ 4351) से धरसींवा की ओर जा रहे थे, तभी बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रहे हाइवा (CG 22 J 7717) ने उन्हें रौंद दिया।

घटना की सूचना मिलते ही धरसींवा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों की मौत मौके पर ही हो गई।

महिला की भी गई थी जान

इससे पहले 8 अक्टूबर को इसी हाईवे पर एक और दर्दनाक हादसा हुआ था। 24 वर्षीय नेहा सेन, निवासी मुरकुटा नांदघांट, अपने मायके सोनडोंगरी, कबीरनगर जा रही थीं, जब धरसींवा-चरोदा के बीच उनकी बाइक फिसल गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से उन्हें डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 9 और 10 अक्टूबर की दरम्यानी रात उनकी मौत हो गई।

नेहा की मौत ने भी यह साफ कर दिया कि सिक्स लाइन हाइवे पर हेलमेट न पहनने की लापरवाही कितनी जानलेवा साबित हो रही है।

दैनिक दबंग दुनिया के संपादक की भी दर्दनाक मौत

इसी हाइवे पर दैनिक समाचार पत्र ‘दबंग दुनिया’ के संपादक आनंद प्रकाश दीक्षित की भी कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वे बाइक (CG 04 NK 7449) से सिमगा से रायपुर की ओर जा रहे थे, तभी मोहदा ओवरब्रिज पर एक ट्रक (CG 04 PW 9027) ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दीक्षित की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हादसा भी थ्री लेन के बीचोंबीच हुआ था, जहां भारी वाहनों की स्पीड अधिक रहती है।

तीन दिन में चार मौतें, पुलिस प्रशासन सतर्क

धरसींवा थाना क्षेत्र में सिर्फ तीन दिनों के भीतर हुए इन तीन बड़े हादसों में चार लोगों की मौत ने पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया है। अधिकारी अब सड़क पर गति नियंत्रण और हेलमेट जांच को लेकर सख्ती बरतने की तैयारी में हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिक्स लाइन हाइवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और बीच लेन में लापरवाह ड्राइविंग हादसों की बड़ी वजह है। लगातार हो रही मौतों ने इस रास्ते को लोगों के लिए ‘डेथ जोन’ बना दिया है।

Youthwings