Raipur Anti Narcotics Team: रायपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन, DCP क्राइम की निगरानी में करेगी काम
Raipur Anti Narcotics Team: प्रदेश में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से अवैध नशे और मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रायपुर जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का गठन कर दिया गया है। नशा नियंत्रण और रोकथाम को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह विशेष टीम तैयार की गई है।
यह टास्क फोर्स DCP क्राइम स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में काम करेगी। वहीं ACP क्राइम एवं साइबर अनुज कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। गठित टीम में कुल 10 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है, जिनमें 1 निरीक्षक, 1 उपनिरीक्षक, 1 सहायक उपनिरीक्षक, 3 हवलदार और 5 आरक्षक शामिल हैं।
टीम में टीआई संजीव मिश्रा, एसआई अतुलेश राय, एएसआई प्रेमराज बारिक, हवलदार जयदेव सोम, सनेही नेताम तथा आरक्षक विकास क्षत्री, भूपेंद्र मिश्रा, संदीप शर्मा, सुरेश बंजारा और प्रमोद सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, नई दिल्ली के निर्देशों के बाद सभी जिलों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने इस संबंध में लिखित आदेश जारी किया है।
हाल ही में हुई साय कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के 10 जिलों रायपुर, महासमुंद, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, कबीरधाम, जशपुर, राजनांदगांव और कोरबा—में जिला स्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के गठन को मंजूरी दी गई थी। वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में 100 नए पदों के सृजन का भी प्रावधान किया गया है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
