रायपुर पहुंचने से पहले बदली फ्लाइट की दिशा, नागपुर में उतरे दिल्ली-इंदौर के विमान; एयर इंडिया की उड़ान भी रद्द
रायपुर। हवाई सफर करने वाले यात्रियों को मंगलवार को उड़ानों में बदलाव के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत के चलते दिल्ली और इंदौर से रायपुर आ रही इंडिगो की दो फ्लाइट को नागपुर भेजना पड़ा। यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए करीब दो घंटे अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। रात में मरम्मत का काम पूरा होने के बाद दोनों विमान रायपुर पहुंचे। इसी बीच, तकनीकी कारणों के चलते एयर इंडिया की दिल्ली से रायपुर आने वाली एक फ्लाइट भी रद्द कर दी गई।
रनवे की मरम्मत के चलते बदला उड़ानों का रूट
रायपुर एयरपोर्ट पर नियमित निरीक्षण के दौरान रनवे के एक हिस्से में मरम्मत की जरूरत सामने आई। विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ के दौरान किसी संभावित जोखिम से बचने के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल काम शुरू कराया।
इस दौरान दिल्ली और इंदौर से रायपुर आ रही इंडिगो की उड़ानें भी अपने निर्धारित गंतव्य के करीब थीं। रनवे पर मरम्मत जारी रहने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने दोनों विमानों को रायपुर में लैंड कराने के बजाय नागपुर एयरपोर्ट भेजने का निर्देश दिया।
दो घंटे की देरी के बाद रायपुर पहुंचे विमान
रूट में अचानक बदलाव होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोनों विमानों को नागपुर में उतारा गया और यात्रियों को इस बदलाव की जानकारी दी गई। रनवे की मरम्मत पूरी होने के बाद एटीसी की अनुमति मिलने पर विमान रायपुर के लिए रवाना हुए।
जानकारी के मुताबिक, दोनों उड़ानें रात करीब 9 बजे और सवा 9 बजे रायपुर पहुंचीं। इस तरह यात्रियों को निर्धारित समय से लगभग दो घंटे अधिक इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रबंधन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रनवे की मरम्मत तत्काल पूरी कराई।
एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर फ्लाइट भी नहीं उड़ी
रायपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों से जुड़ी परेशानी के बीच एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेवा भी प्रभावित रही। मंगलवार को तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2653 रद्द कर दी गई।
निर्धारित समय के अनुसार, यह विमान दोपहर 12:10 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचता है। उड़ान रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को दूसरी फ्लाइट के जरिए यात्रा कराने की सुविधा दिए जाने की जानकारी है। दिल्ली और रायपुर के बीच एयर इंडिया की तीन उड़ानें संचालित होती हैं।
फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भी थे सवार
दिल्ली से रायपुर लौट रही डायवर्ट की गई उड़ान में छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और विधायक भी सवार थे। रायपुर में विमान की लैंडिंग नहीं होने पर यात्रियों को नागपुर जाना पड़ा। अचानक हुए बदलाव से यात्रियों में चिंता और असुविधा की स्थिति बनी, हालांकि विमान प्रबंधन ने उन्हें सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया।
