रायपुर में सड़क पर दुकान सजाने वालों पर कार्रवाई: 120 दुकानदारों पर जुर्माना, 12 ट्रक सामान जब्त

रायपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या

रायपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या

रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने व्यापक कार्रवाई की। शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों मौदहापारा और एमजी रोड में सड़क पर अवैध अतिक्रमण करने वाले 120 दुकानदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। अभियान के दौरान करीब 12 ट्रकों में भरकर सामान जब्त किया गया।

14 फीट तक फैला रखा था सामान

जांच में सामने आया कि कई दुकानदारों ने 14-14 फीट तक सड़क घेरकर सामान फैला रखा था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। कुछ स्थानों पर पक्के लोहे के शेड बनाकर स्थायी अतिक्रमण भी कर लिया गया था। टीम ने मौके पर ही ऐसे अवैध ढांचे हटवा दिए। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों पर कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

थाना प्रभारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर शहर की 24 से अधिक ऐसी सड़कों की पहचान की गई है, जहां अतिक्रमण के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बनती है।इस अभियान की विशेष पहल यह है कि अब इन सड़कों की निगरानी और अतिक्रमण रोकने की जिम्मेदारी सीधे संबंधित थाना प्रभारियों (टीआई) को दी गई है। जयस्तंभ चौक से फाफाडीह तक की सड़क को गंज और मौदहापारा थाना प्रभारी ‘गोद’ लेंगे। यदि दोबारा सड़क पर दुकानें लगती पाई गईं, तो संबंधित टीआई के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings