Raipur Accident News: रायपुर में तेज रफ्तार का कहर, दो कारों की जबरदस्त टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
Raipur Accident News: रायपुर में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार दो कारों के बीच आमने-सामने की भयंकर टक्कर हो गई। यह हादसा पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा ओवरब्रिज के ऊपर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।
तीन लोग गंभीर रूप से घायल
टक्कर के बाद दोनों गाड़ियों में सवार तीन लोगों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कारों के आगे के हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी। पंडरी थाना पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना की मुख्य वजह हो सकती है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच तेज कर दी है।
बिलासपुर में भी बड़ा हादसा: 32 यात्रियों से भरी बस पेड़ पर लटकी
रायपुर हादसे के कुछ ही घंटे बाद बिलासपुर से भी एक बड़ा हादसा सामने आया। केंदा घाटी में 32 यात्रियों से भरी बस सड़क से उतरकर घाट के किनारे बने कंक्रीट वॉल से टकरा गई और पेड़ के सहारे हवा में लटक गई। अगर पेड़ नहीं होता, तो बस 40 फीट गहरी खाई में गिर सकती थी।
इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 31 यात्री बाल-बाल बच गए। यह घटना कोटा थाना क्षेत्र की बेलगहना चौकी के अंतर्गत हुई।
हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के अनुसार, दीप ट्रैवल्स की बस मरवाही से बिलासपुर की ओर जा रही थी। शाम करीब 6 बजे बस केंदा घाटी के मोड़ पर पहुंची। मोड़ पर चढ़ते समय ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण छूट गया और बस सीधे कंक्रीट की दीवार से टकराई। टक्कर के बाद बस आधी हवा में लटक गई और पेड़ ने उसे गिरने से रोक लिया।
