Bihar Election 2025: बिहार को मिलेगा देश का सबसे बड़ा विश्वविद्यालय, Rahul Gandhi का बड़ा वादा
Bihar Election 2025: पूर्णिया के कसबा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बिहार की खराब शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर केंद्र और राज्य सरकार दोनों को घेरा।
राहुल गांधी ने सभा में भावनात्मक माहौल बनाते हुए महागठबंधन के उम्मीदवार मो. इरफान आलम को गले लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, “आप डाकिया के बेटे हैं, लेकिन बिहार के हर संघर्षशील नौजवान का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह चुनाव सिर्फ आपका नहीं, बल्कि हर गरीब और युवा का चुनाव है।”
राहुल गांधी ने ऐलान किया कि अगर ‘इंडिया गठबंधन’ की सरकार केंद्र में बनती है, तो बिहार में देश का सबसे बड़ा और विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा, ताकि युवाओं को शिक्षा के लिए पलायन न करना पड़े। उन्होंने कहा, “एक समय था जब नालंदा विश्वविद्यालय पूरी दुनिया का शिक्षा केंद्र था। आज बिहार में पेपर लीक की खबरें आती हैं। ईमानदार छात्र मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिलता।”
उन्होंने बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर भी चिंता जताई — “बिहार में अस्पताल इलाज के लिए नहीं, मरने के लिए जाने की जगह बन गए हैं।”
राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा भी उठाया और आरोप लगाया कि बीजेपी लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि “हरियाणा, महाराष्ट्र और लोकसभा चुनाव में वोट चोरी हुई, और अब बिहार में भी वही खेल चल रहा है।”
मेरा वादा है – बिहार में दुनिया की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटी बनेगी, बिहार के युवाओं का भी भविष्य यहीं से बनेगा, और दुनिया भर के लोग फिर से यहां अपना रास्ता तलाशने आएंगे।
नालंदा कभी दुनिया का सबसे महान विश्वविद्यालय था – हम सुनिश्चित करेंगे कि उसका वही पुराना गौरव फिर से वापस… pic.twitter.com/o10wC6t6XK
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 6, 2025
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि “नीतीश कुमार के पास बिहार चलाने की ताकत नहीं है। असली सरकार दिल्ली से, मोदी और अमित शाह चलाते हैं।”
राहुल ने कहा, “बिहार के युवाओं ने दुबई और बेंगलुरु जैसे शहरों का निर्माण किया है, लेकिन उन्हें अपने ही राज्य में मौका नहीं मिला। अगर आप दुनिया के शहर बना सकते हैं, तो बिहार क्यों नहीं?”
उन्होंने युवाओं और जनरेशन Z से अपील की कि वे अपने भविष्य और संविधान की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन को समर्थन दें।
