राहुल गांधी का बड़ा हमला: चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप, बोले- सबूत एटम बम की तरह फटेंगे

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग सीधे तौर पर वोट चोरी में शामिल है और उनके पास इसके पुख्ता सबूत मौजूद हैं। राहुल गांधी ने कहा कि ये सबूत ऐसे हैं जो “एटम बम की तरह फटेंगे” और पूरे देश को हिला देंगे।

राहुल गांधी ने दावा किया कि, “हमारे पास 100 फ़ीसदी वोट चोरी के सबूत हैं। यह कोई हल्की बात नहीं है। चुनाव आयोग बीजेपी के लिए वोट चोरी करा रहा है और अब पूरे देश को यह सच जानना चाहिए। यह ओपन एंड शट केस है, जिस पर कोई सवाल नहीं उठ सकता।”

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि 5 अगस्त को वह कर्नाटक के बेंगलुरु में इस पूरे मामले का खुलासा करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव आयोग के जो भी अधिकारी इस काम में शामिल हैं, चाहे वे वर्तमान में हों या रिटायर्ड, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा।

राहुल गांधी ने कहा, “जो लोग चुनाव आयोग में बैठकर यह काम कर रहे हैं, चाहे ऊपर हों या नीचे के स्तर पर, हम आपको ढूंढकर निकालेंगे। आप हिंदुस्तान के खिलाफ काम कर रहे हो। यह राजद्रोह है। हम बिल्कुल आपको नहीं छोड़ेंगे।”

कांग्रेस नेता के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। अब सबकी निगाहें कर्नाटक दौरे पर टिकी हैं, जहां राहुल गांधी इस कथित सबूत का खुलासा करने जा रहे हैं।

 

Youthwings