Raebareli Viral Video: बैठक में राहुल गांधी और योगी सरकार के मंत्री में गरमा-गरम बहस, सोशल मीडिया पर वीडियो छाया
Raebareli Viral Video
Raebareli Viral Video: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के बीच एक आधिकारिक बैठक के दौरान जमकर तकरार हो गई। यह घटना 10 और 11 सितंबर को राहुल गांधी के दो दिवसीय रायबरेली दौरे के दौरान जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा समिति) की बैठक में हुई। दोनों नेताओं के बीच हुई यह गर्मागर्म बहस अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
बैठक में कैसे शुरू हुई बहस
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी अध्यक्ष की भूमिका में थे और उनके ठीक बगल में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह बैठे थे। बैठक में अमेठी के सांसद के. एल. शर्मा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। दिशा समिति के कार्यक्षेत्र को लेकर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने एक मुद्दे पर सवाल उठाया और कहा, “मीटिंग मैं चेयर कर रहा हूं। अगर आपको कुछ कहना है तो पहले पूछिए, फिर मैं आपको बोलने का मौका दूंगा।”
मंत्री का पलटवार
राहुल गांधी की इस टिप्पणी से मंत्री दिनेश प्रताप सिंह नाराज़ हो गए। उन्होंने जवाब देते हुए कहा, “आप अध्यक्ष जरूर हैं, लेकिन मैं आपकी हर बात मानने के लिए बाध्य नहीं हूं। आप तो खुद स्पीकर की बात भी नहीं मानते।” इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बहस तेज हो गई और माहौल गर्मा गया।
पृष्ठभूमि और राजनीतिक मायने
बैठक में मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस अप्रत्याशित घटनाक्रम को देखकर हैरान रह गए। उल्लेखनीय है कि दिनेश प्रताप सिंह कभी कांग्रेस पार्टी का हिस्सा थे। उन्हें 2010 और 2016 में दो बार उत्तर प्रदेश विधान परिषद का सदस्य चुना गया था, लेकिन 2018 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।
