पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में गड़बड़ियों की भरमार: बीवॉक की परीक्षा रद्द, कई विषयों में देर से पहुंचे प्रश्नपत्र

रायपुर: पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (रविवि) में परीक्षा व्यवस्था की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। सोमवार को विभिन्न कोर्स की परीक्षाओं में गंभीर अनियमितताएं देखने को मिलीं। सबसे बड़ी चूक बीवॉक (जेम एंड जेमोलॉजी) के छठवें सेमेस्टर की परीक्षा में हुई, जहां छात्रों को द्वितीय सेमेस्टर के प्रश्नपत्र थमा दिए गए। बाद में पता चला कि छठवें सेमेस्टर का प्रश्नपत्र तैयार ही नहीं किया गया था, जिसके चलते परीक्षा स्थगित करनी पड़ी।

ऑफिस बंद, छात्रों को नहीं मिला जवाब

जब छात्र शिकायत लेकर संबंधित विभाग पहुंचे, तो कार्यालय बंद मिला। काफी देर बाद उन्हें सूचित किया गया कि प्रश्नपत्र तैयार न होने की वजह से परीक्षा 19 जून तक के लिए टाल दी गई है। इस जवाब से छात्र स्तब्ध रह गए।

पिछले सप्ताह भी हुई थी गड़बड़ी

गौरतलब है कि ये पहली बार नहीं है जब परीक्षा में अव्यवस्था देखने को मिली हो। बीते सप्ताह भी एलएलबी की परीक्षा में 20 मिनट की देरी हुई थी, जिससे छात्रों में आक्रोश पनपा था। बावजूद इसके, विवि प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और गड़बड़ियों का सिलसिला जारी है।

टेबल पर रोल नंबर तक नहीं लिखे गए

बीवॉक परीक्षा में न सिर्फ प्रश्नपत्र गलत दिए गए, बल्कि सीटिंग अरेंजमेंट तक अधूरी थी। न टेबल पर रोल नंबर चिपकाए गए थे और न ही छात्रों को उनकी सीटिंग की सही जानकारी दी गई। छात्र सुबह से भटकते रहे और अंत में परीक्षा रद्द हो गई।

अन्य विषयों में भी गड़बड़ियां

सोमवार को कई अन्य विषयों की परीक्षाओं में भी अव्यवस्था सामने आई:

बीएएलएलबी (सेमेस्टर 2) और बीएड की परीक्षाएं फार्मेसी विभाग में रखी गई थीं, जहां 1 से 1.5 घंटे की देरी से प्रश्नपत्र बांटे गए।

एलएलबी (सेमेस्टर 2) की परीक्षा भी करीब 1 घंटे की देरी से शुरू हुई।

बीएएलएलबी (सेमेस्टर 10) के छात्र भी देरी से प्रश्नपत्र मिलने से परेशान रहे।

इंटीरियर और फैशन डिजाइनिंग की परीक्षाएं सुबह 8 बजे की जगह 9:30 बजे शुरू हुईं।

प्रशासन की चुप्पी, छात्रों में रोष

पूरे मामले पर विवि प्रबंधन ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। कुलसचिव प्रो. अंबर व्यास ने जिम्मेदारी कुल अनुशासक ए.के. श्रीवास्तव पर डाल दी, लेकिन उनकी ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस अनदेखी से छात्र बेहद नाराज़ हैं।

एनएसयूआई करेगा ‘सद्बुद्धि यज्ञ’

छात्रों की समस्याएं अनसुनी रहने पर एनएसयूआई ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में ‘सद्बुद्धि यज्ञ’ आयोजित करने का निर्णय लिया है। छात्र संगठन ने इसे विवि की लापरवाही के विरुद्ध प्रतीकात्मक विरोध बताया है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे।

 

Youthwings