रायपुर में खामेनेई की मौत पर विरोध प्रदर्शन, मोमिनपारा में श्रद्धांजलि सभा
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद देश के कई हिस्सों में प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी इसका असर दिखाई दिया। मोमिनपारा इलाके में शिया समुदाय के लोगों ने खामेनेई की शहादत पर श्रद्धांजलि अर्पित की और अमेरिका व इजरायल द्वारा किए गए हमले की निंदा की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क पर अमेरिका और इजरायल के झंडे चिपकाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान अमेरिकी नेता डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह हमला निंदनीय है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
इधर, भारत स्थित ईरानी दूतावास ने भी बयान जारी कर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दूतावास ने अमेरिकी-इजरायली हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि स्वतंत्र और न्यायप्रिय देशों को इस कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
ईरान के सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिका और इजरायल के हमले में खामेनेई की मौत हुई। बयान में यह भी कहा गया कि इस कार्रवाई के गंभीर परिणाम होंगे। इस बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने बदला लेने की चेतावनी देते हुए पश्चिम एशिया में जवाबी कार्रवाई शुरू करने का दावा किया है।
दूतावास ने अपने बयान में कहा कि ईरान की जनता संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी और देश के कामकाज में किसी तरह का व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा।
