गाइडलाइन दर वृद्धि पर विरोध तेज: कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव का उपवास, भूख हड़ताल को मिला विशु अजमानी का समर्थन
गाइडलाइन दर वृद्धि पर कांग्रेस का विरोध तेज
दुर्ग। भूमि गाइडलाइन दरों में अचानक की गई वृद्धि के विरोध में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने शनिवार को दुर्ग में एक दिवसीय भूख हड़ताल की। उपवास स्थल पर माहौल उस समय और गरम हो गया जब राजनांदगांव से प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के सचिव विशु अजमानी अपने दर्जनों युवा साथियों के साथ पहुंचे और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। युवाओं ने शांतिपूर्ण आंदोलनकारियों पर हुए हालिया लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की और इसे अलोकतांत्रिक बताया।
“सरकार जनता पर आर्थिक बोझ थोप रही”— विशु अजमानी का आरोप
प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के सचिव विशु अजमानी ने कहा कि भाजपा सरकार ने जमीन की गाइडलाइन दरें रातोंरात बढ़ाकर आम जनता— विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग — पर भारी आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार यह “जनविरोधी निर्णय” वापस नहीं लेती, तो आंदोलन और भी तेज तथा व्यापक रूप लेगा। अजमानी ने कहा, “हम शांतिपूर्ण और अहिंसात्मक तरीके से जनता की लड़ाई लड़ते रहेंगे।”
गरीबों के लिए घर बनाना होगा मुश्किल— ऋषि शास्त्री
पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने वृद्धि को गरीबों की जेब पर सीधा प्रहार बताया। उन्होंने कहा कि बढ़ी गाइडलाइन दरों के कारण आम लोगों के लिए मकान बनाना या जमीन खरीदना बेहद कठिन हो जाएगा। उन्होंने शांतिपूर्ण धरने पर हुए लाठीचार्ज को “पूर्णतः अन्यायपूर्ण” बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
read more :खैरागढ़ में श्री सीमेंट परियोजना के खिलाफ उबल रहा जनरोष, 200 ट्रैक्टरों के साथ किसानों का हल्ला बोल
कार्यकर्ताओं की एकजुट अपील— “निर्णय वापस होने तक संघर्ष जारी रहेगा”
उपवास स्थल पर मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सरकार को बढ़ी गाइडलाइन दरें तत्काल रद्द करनी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि जब तक जनता-विरोधी निर्णय वापस नहीं लिया जाता, आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
उपवास में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
एक दिवसीय उपवास में राजनांदगांव से पहुंचे विशु अजमानी के साथ पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री, प्रदेश सचिव मानव देशमुख, संजय साहू, प्रियांश भीमटे, तौसीफ अहमद गोरी, पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष राहुल साहुल साहू, आशीष श्रीवास्तव, अंशल श्रीवास्तव, रौनक परिहार, बादल, अभय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
read more 102 सरपंचों ने किया जोरदार प्रदर्शन, तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
