Raipur protest : सड़क चौड़ीकरण को लेकर गुड़ियारी में बवाल, बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन

रायपुर। रायपुर के गुड़ियारी इलाके में सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोग, कांग्रेस, भीम आर्मी और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के समर्थक बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि निगम और जिला प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई के लिए मौजूद है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पिछले 40-50 वर्षों से यहां दुकानें चला रहे हैं और उन्हें पहले ही मुआवजा दिया जा चुका है। उनका आरोप है कि तय सीमा से अधिक हिस्से को तोड़ा जा रहा है, जिससे उनके रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी दुकान ही उनके जीवन यापन का एकमात्र साधन है।

 

कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुमार मेनन ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत के कार्यकाल में लगातार गरीबों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी चौक, मंगल बाजार और शुक्रवारी बाजार की दुकानों को तय सीमा से अधिक तोड़ा जा रहा है और इसका विरोध जारी रहेगा।

 

वहीं नायब तहसीलदार प्रवीण परमान ने बताया कि यह कार्रवाई पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन द्वारा नियमानुसार की जा रही है। उनके अनुसार सभी दुकानों का मुआवजा पहले ही दिया जा चुका है और संबंधित अनुमति पत्र भी मौजूद हैं।

 

प्रदर्शन के चलते इलाके में जाम की स्थिति बन गई है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है, जबकि प्रदर्शनकारी इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए विरोध जारी रखे हुए हैं।

Youthwings