रायपुर में कुख्यात तोमर बंधुओं पर बड़ी कार्रवाई: 3,000 स्क्वायर फीट संपत्ति कुर्क

रायपुर। राजधानी रायपुर में फरार चल रहे कुख्यात तोमर बंधुओं वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को सेशन कोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज होने और संपत्ति कुर्क करने की मंजूरी मिलने के बाद गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने उनकी संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

भाठागांव स्थित मकान और जमीन जब्त

SDM नंद कुमार चौबे, तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त टीम ने भाठागांव स्थित साईं विला मकान और उससे जुड़ी जमीन को कुर्क किया। जब्त की गई संपत्ति कुल 3,000 स्क्वायर फीट है, जिसमें दोनों भाइयों की हिस्सेदारी बराबर है। वीरेंद्र और रोहित के नाम पर 1,500-1,500 स्क्वायर फीट की संपत्ति दर्ज है। इसके अलावा रायपुर और उसके आसपास मौजूद उनकी तीन अन्य जमीनों को कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

फरार रहने पर इनाम घोषित

जानकारी के अनुसार, तोमर बंधु बीते दो महीने से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनकी गिरफ्तारी पर पहले ही 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इसके साथ ही पुलिस ने कोर्ट से उनकी संपत्तियों की कुर्की की मांग की थी, जिसे मंजूरी मिलते ही कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।

बचाव पक्ष की आपत्ति

तोमर बंधुओं की ओर से वकील ने कुर्की की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उन्होंने 18 अगस्त को आवेदन दायर किया था और उसकी सुनवाई 20 अगस्त को होनी थी। लेकिन उससे पहले ही बिना उनकी बात सुने कुर्की आदेश जारी कर दिया गया, जो न्यायसंगत नहीं है। अब इस मामले पर गुरुवार को कोर्ट में सुनवाई होगी।

Youthwings