युक्तियुक्तकरण की तर्ज पर शासकीय कॉलेजों में भी प्राध्यापकों का जल्द होगा समायोजन, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने दी जानकारी

कॉलेजों

कॉलेजों

रायपुर: छत्तीसगढ़ के शासकीय कॉलेजों में प्राध्यापकों की कमी को दूर करने के लिए युक्तियुक्तकरण की तर्ज पर समायोजन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जिन कॉलेजों में प्राध्यापकों की संख्या जरूरत से अधिक है, वहां से अतिरिक्त प्रोफेसरों को उन संस्थानों में भेजा जाएगा जहां शिक्षकों की भारी कमी है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि राज्य के कई कॉलेज लंबे समय से प्राध्यापकों की कमी से जूझ रहे हैं। अब विभाग ने समायोजन की दिशा में तैयारी शुरू कर दी है, जिससे छात्रों को बेहतर और सुचारु शिक्षा मिल सकेगी।

700 पदों पर होगी नई भर्ती

मंत्री टंकराम वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए बताया कि 700 प्राध्यापक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। उन्होंने कहा कि जैसे ही वित्त विभाग की स्वीकृति प्राप्त होगी, भर्ती प्रक्रिया को गति दी जाएगी।

स्कूल शिक्षा में युक्तियुक्तकरण का दिखा असर

राज्य सरकार की युक्तियुक्तकरण नीति ने पहले से ही स्कूल शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। युक्तियुक्तकरण से पहले प्रदेश में 453 विद्यालय शिक्षक विहीन थे, लेकिन इस प्रक्रिया के बाद अब एक भी स्कूल शिक्षक विहीन नहीं है। वहीं, 5,936 एकल शिक्षकीय स्कूलों में से 4,728 स्कूलों में अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है।

 

Youthwings