पीएम श्री स्कूल में प्राचार्य विवाद तेज, छात्रों ने किया कलेक्ट्रेट घेराव
लामबंद हुए छात्र
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित पीएम श्री स्कूल में प्राचार्य की पदस्थापना को लेकर विवाद और गहरा गया है। प्राचार्य वंदना पाण्डेय की नियुक्ति निरस्त करने की मांग को लेकर छात्र और शिक्षक खुलकर विरोध में उतर आए हैं।
स्कूल से कलेक्ट्रेट तक छात्रों की रैली
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 40 छात्र स्कूल से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि वे स्कूल में बेहतर शैक्षणिक माहौल चाहते हैं और इसी वजह से उन्होंने विरोध दर्ज कराया।पीएम श्री स्कूल के शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को ज्ञापन सौंपकर प्राचार्य की पोस्टिंग को रद्द करने की मांग की है। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया, तो वे सामूहिक इस्तीफा देने का कदम उठा सकते हैं।
वायरल वीडियो पर शिक्षकों की सफाई
शिक्षकों का कहना है कि वे अपने शिक्षकीय दायित्वों को हमेशा प्राथमिकता देते हैं। उनका दावा है कि जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, वह स्कूल समय के बाद निजी समय में बनाया गया था। शिक्षकों का आरोप है कि शिकायत सामने आने के बाद उसी वीडियो को जानबूझकर वायरल कराया गया।
निलंबन के बाद उसी स्कूल में पोस्टिंग पर सवाल
स्कूल के शिक्षक रघुनाथ साहू ने बताया कि वंदना पाण्डेय पहले भी इसी पीएम श्री स्कूल में प्राचार्य के पद पर कार्यरत थीं। लापरवाही के आरोपों के चलते शिक्षा सचिव ने उन्हें निलंबित किया था। बाद में बहाली के बाद दोबारा उसी स्कूल में प्राचार्य बनाए जाने को शिक्षक नियमों के विरुद्ध बता रहे हैं।
शिकायतों की जांच होगी – DEO
इस मामले पर गरियाबंद के DEO जगजीत सिंह धीर ने कहा कि प्राचार्य के खिलाफ स्टाफ और छात्रों की ओर से कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
PM Shri School Gariaband, Principal Posting Dispute, Gariaband School Protest, Teacher Protest Chhattisgarh, Student Rally Gariaband, DEO Jagjeet Singh Dhir, Education News Chhattisgarh
