प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में ड्यूटी के दौरान आरक्षक की मौत, अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में उपचार के दौरान गई जान
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। कांकेर जिले से रायपुर में ड्यूटी पर आए हेड कांस्टेबल फुलजेश पन्ना (51 वर्ष) की आज सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कांकेर से भी हेड कांस्टेबल फुलजेश पन्ना को विशेष ड्यूटी पर रायपुर भेजा गया था। वे पुलिस लाइन में ठहरे हुए थे, जहां सुबह अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें रामकृष्ण अस्पताल पहुंचाया और कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच जारी, परिजनों को सूचना दी गई
कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा हॉस्पिटल की मर्चुरी भेज दिया है। वहीं, हेड कांस्टेबल के परिजनों को घटना की सूचना दी जा चुकी है और वे रायपुर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि फुलजेश पन्ना कांकेर में रिजर्व बल में पदस्थ थे। फिलहाल उनकी मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
