नवा रायपुर को सोलर सिटी बनाने की तैयारी: 18 विभागों के लिए 2370 किलोवाट का प्लान तैयार

सोलर

सोलर

रायपुर: प्रदेश में बिजली की बढ़ती जरूरत को देखते हुए अब सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में काम को गति देने की तैयारी की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा कई सोलर परियोजनाओं पर एक साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में नया रायपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है।

सरकार के निर्देश पर बदली गई योजना

क्रेडा द्वारा पहले नया रायपुर में 10 मेगावाट सोलर बिजली उत्पादन के लिए करीब 65 करोड़ रुपए का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया था। हालांकि, सरकार ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति न देते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग के लिए अलग-अलग योजना बनाकर प्रस्तुत की जाए। इसके बाद क्रेडा ने नया रायपुर के 18 विभागों के लिए कुल 2370 किलोवाट क्षमता की अलग-अलग सोलर योजनाएं तैयार कर सरकार को भेज दी हैं।

केंद्र और राज्य दोनों स्तर पर सोलर पर जोर

देशभर में बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार भी सोलर ऊर्जा को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत घरेलू स्तर पर सोलर सिस्टम लगाए जा रहे हैं। वहीं राज्यों में सरकारी भवनों, संस्थानों और निजी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं। आवासीय कॉलोनियों में रेस्को मॉडल के माध्यम से भी सोलर परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं।

मंजूरी के बाद शुरू होगा काम

क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने जानकारी दी कि नया रायपुर को सोलर सिटी बनाने के उद्देश्य से विभागवार सोलर योजनाओं का प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा गया है। सरकार से अनुमति मिलते ही इन योजनाओं पर अमल शुरू कर दिया जाएगा।

विभागवार तय की गई सोलर क्षमता

नया रायपुर में मंत्रालय, मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों के आवास, सरकारी कार्यालय और कई निजी संस्थान स्थित हैं। इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए क्रेडा ने विभागवार सोलर क्षमता तय की है—

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम – 500 किलोवाट

रिटेल कॉम्प्लेक्स – 400 किलोवाट

सीएसआईडीसी मेला ग्राउंड – 250 किलोवाट

ऑफिस कॉम्प्लेक्स – 200 किलोवाट

आदिवासी संग्रहालय – 200 किलोवाट

कमर्शियल कॉम्प्लेक्स – 100 किलोवाट

स्वास्थ्य सेवा निदेशालय – 90 किलोवाट

राज्य योजना आयोग – 90 किलोवाट

होटल मैनेजमेंट संस्थान – 80 किलोवाट

पीडब्ल्यूडी डिवीजन-3 – 70 किलोवाट

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग – 60 किलोवाट

डेवलपमेंट कमिश्नर कार्यालय – 55 किलोवाट

स्टेट इंफॉर्मेशन कमीशन – 50 किलोवाट

राज्य निर्वाचन आयोग सचिवालय – 45 किलोवाट

अन्य विभाग – 30-30 किलोवाट

read more : राजधानी में इन प्रमुख मार्गों को ‘नो फ्लैक्स जोन’ घोषित, अब नहीं लग सकेंगे निजी बैनर-पोस्टर

Youthwings