गणपति विसर्जन की तैयारी पूरी: महादेवघाट में सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम, 90 गोताखोरों की रहेगी तैनाती

रायपुर: राजधानी रायपुर में 11 दिवसीय गणेशोत्सव की समाप्ति 6 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर की जाएगी। इस दिन बप्पा को पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ विदा किया जाएगा। महादेवघाट स्थित मुख्य विसर्जन कुंड को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनज़र पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।

गोताखोरों की तीन शिफ्ट में तैनाती, कुल 90 डाइवर्स रहेंगे मौजूद

बप्पा की मूर्तियों के सुरक्षित विसर्जन को सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम जोन-8 द्वारा 90 गोताखोरों की तैनाती की गई है। ये डाइवर्स तीन पालियों में ड्यूटी करेंगे, यानी हर पाली में 30 गोताखोर कुंड में तैनात रहेंगे। इसके लिए नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है।

विसर्जन कुंड की सफाई और जल आपूर्ति का कार्य पूरा

महादेवघाट विसर्जन कुंड की सफाई का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया है। इसके बाद नदी से साफ पानी पंप के जरिए कुंड में भरा गया है ताकि मूर्तियों का विसर्जन स्वच्छ और सम्मानजनक तरीके से हो सके।

एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम रहेंगी अलर्ट

आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए माना SDRF की टीम विसर्जन स्थल पर तैनात रहेगी। आग लगने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी, और श्रद्धालुओं को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम और मोबाइल मेडिकल यूनिट भी मौजूद रहेगी।

40 अस्थायी विसर्जन कुंड भी तैयार

नगर निगम ने शहर के विभिन्न तालाबों के समीप 40 अस्थायी विसर्जन कुंड बनाए हैं, जहां छोटी मूर्तियों का विसर्जन सम्मानपूर्वक किया जाएगा। श्रद्धालुओं द्वारा लाई गई छोटी प्रतिमाओं को निगम की गाड़ियों से इन कुंडों तक पहुंचाया जाएगा।

पूजा-अर्चना के लिए 10 आचार्यों की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने विसर्जन कुंड पर 10 आचार्यों की व्यवस्था की है, जो संस्कृत कॉलेज से बुलाए गए हैं। ये आचार्य मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमाओं का विधिपूर्वक विसर्जन कराएंगे। निगम इन आचार्यों को सम्मान राशि भी देगा।

प्रशासनिक व्यवस्था के लिए तीन शिफ्टों में तैनात होंगे ज़ोन अधिकारी

गणेश विसर्जन की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर 10 जोन के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम बनाई गई है। ये टीम 8-8 घंटे की तीन पालियों में ड्यूटी करेगी और स्थल पर बनाए गए विशेष मंच से पूरे कार्यक्रम की निगरानी करेगी।

अन्य सुविधाएं: नाव, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट्स

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थल पर नावों की व्यवस्था, पीने के पानी की आपूर्ति, और मोबाइल टॉयलेट्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Youthwings