रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे प्रीमियम ब्रांडेड शॉप्स: आवेदन प्रक्रिया शुरू

रेलवे स्टेशनों

रेलवे स्टेशनों

रायपुर : छत्तीसगढ़ के रायपुर रेल मंडल के रेलवे स्टेशनों पर अब एयरपोर्ट की तर्ज पर ब्रांडेड कंपनियों की दुकानें खुलेंगी, जहां यात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाले कपड़े, जूते, हर्बल उत्पाद और स्थानीय शिल्प कला के सामान मिलेंगे। रेलवे विभाग ने इन आउटलेट्स के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह दुकानें रायपुर, दुर्ग, भाटापारा और भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर गैर-किराया राजस्व नीति के अंतर्गत स्थापित की जाएंगी।

रायपुर स्टेशन पर बड़े ब्रांड्स के आने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं दुर्ग और भिलाई पावर हाउस जैसे व्यस्त स्टेशनों पर भी इन दुकानों से आर्थिक लाभ की उम्मीद है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन आउटलेट्स में केवल फैशन और यात्रा संबंधित सामान बेचा जाएगा, खाद्य पदार्थों की अनुमति नहीं होगी। इन दुकानों का चयन बोली प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा और शुरुआत में यह करार पांच साल के लिए होगा, जिसे प्रदर्शन के आधार पर नौ साल तक बढ़ाया जा सकेगा।

प्रमुख ब्रांड्स और स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

इन आउटलेट्स में एडिडास, रीबॉक, नाइकी, प्यूमा जैसे खेल परिधान के ब्रांड्स के साथ-साथ सैमसोनाइट, वीआईपी, सफारी, अमेरिकन टूरिस्टर जैसे यात्रा सहायक सामग्री भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के स्थानीय प्रीमियम ब्रांड जैसे हथकरघा, जनजातीय कला, हर्बल उत्पाद और शिल्प कला को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह पहल न केवल यात्रियों को बेहतर विकल्प प्रदान करेगी, बल्कि स्थानीय कला एवं उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मददगार होगी।

भरोसेमंद ब्रांड्स को दी जाएगी प्राथमिकता

रेलवे ने यह भी कहा है कि केवल भरोसेमंद और पहले से स्थापित ब्रांड्स को स्टेशन पर दुकान खोलने का अवसर मिलेगा। एयरपोर्ट या मॉल में संचालित ब्रांड्स को प्राथमिकता दी जाएगी। इस कदम से रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रेलवे का गैर-किराया राजस्व भी बढ़ेगा।

आवेदन प्रक्रिया शुरू, नए अवसरों का सृजन

रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि स्टेशन पर सिंगल ब्रांड आउटलेट्स स्थापित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ये आउटलेट्स यात्रा सहायक सामग्री, परिधान, जूते और स्थानीय प्रीमियम ब्रांडों के लिए समर्पित होंगे। इस योजना से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Youthwings