छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री से पहले बारिश का दौर, किसानों की बढ़ी चिंता, रायपुर का तापमान 37 डिग्री

CG monsoon latest news

प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों में हुई मध्यम बारिश, मानसून सक्रिय होने के बावजूद धीमी प्रगति, 19-23 जून तक अलर्ट जारी

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम लगातार करवट बदल रहा है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है। भीषण गर्मी के बीच मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को कुछ राहत मिली है। हालांकि, मानसून के समय पर नहीं पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है और खरीफ फसलों की बुवाई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है ।

 

मानसून की गति धीमी, किसान परेशान

दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति धीमी पड़ने के कारण छत्तीसगढ़ समेत मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश नहीं हो पा रही है । हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में मानसून आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं । 19 से 23 जून के बीच प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है ।

 

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया ।

 

इन क्षेत्रों में हुई वर्षा

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, करपावंड और सामरी में 5 सेमी, बास्तानार में 4 सेमी, जबकि बकावंड, अंबिकापुर, भनपुरी में 3 सेमी वर्षा दर्ज की गई। नगरी, छुईखदान, मर्दापाल, लोहांडीगुड़ा, कुकरेल, दुर्ग, लाभांडीह, रायपुर शहर, पलारी और कोंडागांव में 2 सेमी वर्षा हुई। अन्य कई स्थानों पर इससे कम वर्षा रिकॉर्ड की गई ।

 

सक्रिय सिस्टम

पंजाब से हरियाणा और उत्तर प्रदेश से होते हुए बिहार तक मौसमी द्रोणिका समुद्र तल पर बनी हुई है । वहीं एक द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश होते हुए तमिलनाडु तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है ।

 

प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?

प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की आशंका है। अगले 2 दिनों में प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है ।

 

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

रायपुर शहर में 20 जून को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ बारिश तथा अंधड़ चलने की संभावना है । शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है ।

 

Read more- 

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में नौतपा की एंट्री, रायपुर समेत कई जिलों में Heatwave Alert, 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा

 

Youthwings