मार्च–अप्रैल में रोज 4 से 6 घंटे गुल रहेगी बिजली: छत्तीसगढ़ में बिजली फीडरों का मेंटेनेंस शुरू, उपभोक्ताओं की बढ़ेगी परेशानी

बिजली फीडरों का मेंटेनेंस शुरू

बिजली फीडरों का मेंटेनेंस शुरू

रायपुर: प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ने से पहले ही बिजली उपभोक्ताओं को लंबे पावर कट का सामना करना पड़ सकता है। छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से प्रदेशभर में फीडरों के मेंटेनेंस का निर्णय लिया है। इस दौरान कई इलाकों में रोजाना घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

प्रदेश के 5500 फीडरों में होगा मेंटेनेंस

राज्य में कुल करीब 5500 फीडर संचालित हैं। पॉवर कंपनी की योजना के अनुसार प्रतिदिन 100 से अधिक फीडरों में मरम्मत और रखरखाव का कार्य किया जाएगा। इसके चलते संबंधित क्षेत्रों में चार से छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रखनी पड़ेगी।

मार्च से अप्रैल तक चलेगा पहला चरण

मेंटेनेंस का यह कार्य मार्च से अप्रैल के बीच किए जाने की संभावना है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए काम की शुरुआत सुबह 8 बजे से की जाएगी, ताकि शाम और रात के समय उपभोक्ताओं को ज्यादा परेशानी न हो। जिन फीडरों में काम प्रस्तावित रहेगा, उनकी जानकारी एक दिन पहले अखबारों के माध्यम से और उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए दी जाएगी।

read more : धान खरीदी में बड़ी गड़बड़ी: मुनरेठी केंद्र में बोरी पर पानी डालने का वीडियो वायरल, समिति प्रभारी निलंबित

मानसून से पहले भी होगा दूसरा चरण

पॉवर कंपनी के अधिकारियों के अनुसार यह मेंटेनेंस केवल गर्मी तक सीमित नहीं रहेगा। गर्मी के बाद मानसून की तैयारियों के लिए मई और जून में फिर से फीडरों की मरम्मत की जाएगी। कंपनी हर वर्ष गर्मी और बारिश से पहले यह प्रक्रिया अपनाती है ताकि तकनीकी खराबियों को समय रहते दूर किया जा सके।

डेढ़ माह में पूरा होता है मेंटेनेंस कार्य

5500 फीडरों के मेंटेनेंस में आमतौर पर करीब डेढ़ माह का समय लग जाता है। अधिकारियों का कहना है कि यदि प्रतिदिन सौ से अधिक फीडरों में काम न किया जाए तो समय पर तैयारियां पूरी करना मुश्किल हो जाता है। इसी वजह से बड़े स्तर पर बिजली कटौती करनी पड़ती है।

मेंटेनेंस के बाद भी खराबी की संभावना

पॉवर कंपनी यह भी स्वीकार करती है कि मेंटेनेंस के बावजूद आंधी-तूफान, बारिश या अन्य प्राकृतिक कारणों से बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। हालांकि समय पर रखरखाव से ऐसी समस्याओं की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है।

 

Youthwings