धान अंतर राशि पर सियासत तेज, पंकज झा ने भूपेश बघेल पर साधा निशाना
रायपुर ।रायपुर में होली से पहले किसानों को धान की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के सलाहकार पंकज झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि इस योजना के सबसे बड़े लाभार्थियों में भूपेश बघेल भी शामिल हैं।
पंकज झा ने अपने पोस्ट में लिखा कि सुशासन का अर्थ है बिना किसी भेदभाव के सभी को न्याय देना। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने किसानों को धान के अंतर की राशि एकमुश्त प्रदान की है और इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शीर्ष लाभार्थियों में हैं। झा ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार में उन्हें अपनी ही सरकार से ज्यादा लाभ मिला।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान यह राशि किश्तों में दी जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति किसान धान खरीदी का लाभ दिया है। झा के अनुसार, केंद्र द्वारा तय समर्थन मूल्य के अलावा शेष राशि अलग योजना के तहत एकमुश्त दी गई है।
पंकज झा ने कहा कि भाजपा सरकार ने होली से पहले किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की है, जिससे बिना भेदभाव के सभी लाभार्थियों को फायदा हुआ है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि कांग्रेस भले धन्यवाद न दे, लेकिन वे सभी लाभार्थियों की ओर से सरकार का अभिनंदन करते हैं।
