उमंग सिंघार के पक्ष में लगे सीएम बनाने के नारे, कांग्रेस-बिजेपी आमने-सामने
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को लेकर अचानक नई चर्चा छिड़ गई है। अनूपपुर में उनके स्वागत कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारे लगाए—“मुख्यमंत्री कैसा हो, उमंग सिंघार जैसा हो”। इस घटना के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस व बीजेपी दोनों ने इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस का जवाब: सीएम विधायक दल चुनेगा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कानून मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि पार्टी में मुख्यमंत्री का फैसला हमेशा विधायक दल करता है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के सभी नेता मजबूत और काबिल हैं। उमंग सिंघार, कमलेश्वर पटेल, जीतू पटवारी, जयवर्धन सिंह सभी अच्छे कॉम्पिटिटर हैं।” शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी में सीएम पद का चयन सामूहिक निर्णय से होगा, व्यक्तिगत नारों से नहीं।
बीजेपी का व्यंग्य: “एक अनार सौ बीमार”
भारतीय जनता पार्टी ने इस मौके को कांग्रेस पर निशाना साधने का अवसर माना। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, “कांग्रेस के अंदर तलवारें खिंच चुकी हैं। हर कोई खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार मान रहा है। यह एक अनार सौ बीमार जैसी स्थिति है।” उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अभी 50 साल तक विपक्ष में ही रहेगी, इसलिए ऐसे सपने देखना बेकार है।
“दुकान-शोरूम बंद” का ताना
मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर व्यंग्य करते हुए कहा, “कांग्रेस की दुकान और शोरूम बंद हो गए हैं। कमलेश्वर पटेल, प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी के बीच तालमेल नहीं है। कमलनाथ और दिग्विजय एक-दूसरे को सरकार गिराने के लिए दोषी ठहरा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हास्यास्पद स्थिति है, चुनाव से पहले ही मुख्यमंत्री, मंत्री और यहां तक कि मंत्री के बंगले में माली कौन होगा, इसकी लिस्ट बन रही है।
उमंग सिंघार की प्रतिक्रिया
उमंग सिंघार ने कार्यकर्ताओं के नारों पर मुस्कुराते हुए कहा कि 2028 का चुनाव अभी काफी दूर है, लेकिन उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से अलग भी नहीं किया। उनके इस बयान से कांग्रेस के भीतर भविष्य की राजनीति को लेकर कयास और गहरे हो गए हैं।
अनूपपुर में हुई इस घटना ने साफ कर दिया है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर हलचल पहले से ही शुरू हो चुकी है, जबकि बीजेपी इसे आंतरिक कलह बताकर भुनाने की कोशिश कर रही है।
