जुआ के फड़ पर पुलिस का छापा, महापौर पूजा विधानी के जेठ समेत 9 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में सोमवार देर रात पुलिस ने रसूखदार जुआरियों के फड़ पर बड़ी कार्रवाई की। सरकंडा पुलिस की टीम ने छापेमारी कर 9 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया। ये सभी कैश और प्लास्टिक कॉइन से 52 पत्ती का जुआ खेल रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में महापौर पूजा विधानी का जेठ, होटल कारोबारी और ठेकेदार समेत कई नामचीन चेहरे शामिल हैं।
सूचना मिलने पर सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडे ने एसएसपी रजनेश सिंह को अवगत कराया। इसके बाद एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने कोनी रोड लोधीपारा स्थित महावीर अग्रवाल के बाड़े को घेराबंदी कर दबिश दी। यहां से पुलिस ने 41,500 रुपये नगद, प्लास्टिक के कॉइन की पेटी, ताश की गड्डी और 11 मोबाइल फोन जब्त किए।
रसूख काम नहीं आया
पुलिस रेड के बाद जुआरियों ने अपनी रसूखदारी दिखाकर कार्रवाई रुकवाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया। इस दौरान थाना परिसर में जुआरियों के परिचितों की भीड़ जुटी और दबाव बनाने की कोशिश की गई।
नाम बदलकर बचने की कोशिश
पकड़े गए जुआरियों में पीडब्ल्यूडी ठेकेदार पारुल राय भी शामिल है। पुलिस रिकॉर्ड से बचने के लिए उसने अपना नाम पारस राय बताया, लेकिन जांच में उसकी असलियत सामने आ गई।
गिरफ्तार आरोपी
सुशील अग्रवाल (60 वर्ष) – बाड़े का मालिक, निवासी पुराना सरकंडा
विजय विधानी (64 वर्ष) – महापौर पूजा विधानी के जेठ, निवासी हेमूनगर चौक
हरवंश लाल अजमानी (79 वर्ष) – होटल कारोबारी, निवासी दयालबंद
पारुल राय उर्फ पारस राय (48 वर्ष) – पीडब्ल्यूडी ठेकेदार, निवासी सिविल लाइन
रमेश कुमार अग्रवाल (70 वर्ष) – निवासी अग्रसेन चौक
चंद्रशेखर अग्रवाल (64 वर्ष) – निवासी अकलतरा, जांजगीर-चांपा
बिहारी ताम्रकार (66 वर्ष) – निवासी करबला रोड, भाजपा कार्यालय के सामने
तेजेस्वर वर्मा (40 वर्ष) – निवासी गोड़पारा, सिटी कोतवाली
सुनील अग्रवाल (60 वर्ष) – निवासी चांटीडीह, सरकंडा
