प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त से चीन दौरे पर जाएंगे: SCO समिट में लेंगे हिस्सा; शी जिनपिंग और पुतिन से मुलाकात की संभावना
PM Modi To Visit China : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस माह के अंत में 31 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक चीन की यात्रा पर जाएंगे, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट में भाग लेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दौरान पीएम मोदी की चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अनौपचारिक बैठकें होने की भी संभावना जताई जा रही है।
प्रधानमंत्री की यह यात्रा लगभग सात वर्षों बाद हो रही है। इससे पहले उन्होंने जून 2018 में किंगदाओ में आयोजित SCO सम्मेलन में हिस्सा लिया था।
अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में अहम दौरा
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों में तनाव बढ़ रहा है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय आयात पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी और रूस से तेल खरीद को लेकर भारत की आलोचना करते हुए कहा था कि भारत रूस को युद्ध के लिए फंड कर रहा है।
इन परिस्थितियों में पीएम मोदी की चीन यात्रा को कूटनीतिक संतुलन साधने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि यह दौरा भारत, रूस और चीन के बदलते समीकरणों के बीच भारत की भूमिका को परिभाषित करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
यात्रा की तैयारी पूरी, आधिकारिक ऐलान बाकी
हालांकि विदेश मंत्रालय की ओर से इस यात्रा की औपचारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बैठक का एजेंडा लगभग तय हो चुका है।
