PM Modi to Address Nation : पीएम मोदी आज शाम 5 बजे देश को करेंगे संबोधित, GST दरों पर हो सकता है बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। यह संबोधन टेलीविजन, रेडियो और सभी प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सीधा प्रसारित होगा। फिलहाल प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से विषय को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन कई अहम मुद्दों पर चर्चा की संभावना जताई जा रही है।

जीएसटी की नई दरें कल से लागू

देश में 22 सितंबर से शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से जीएसटी की नई दरें लागू होने जा रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में इन नए जीएसटी सुधारों और दरों पर विस्तृत जानकारी दे सकते हैं। व्यापार जगत और आम लोगों की निगाहें इस संबोधन पर टिकी हैं क्योंकि नई दरों का सीधा असर रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर पड़ सकता है।

अन्य आर्थिक मुद्दों पर भी हो सकती है चर्चा

सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी अमेरिका के ट्रंप प्रशासन द्वारा 50% टैरिफ और नए H1 वीज़ा शुल्क जैसे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रख सकते हैं। यह कदम भारतीय आईटी कंपनियों और पेशेवरों को प्रभावित कर सकता है।

पहले भी अहम मौकों पर किया था संबोधन

प्रधानमंत्री ने इससे पहले 15 अगस्त और हाल ही में भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान देश को संबोधित किया था। शनिवार को गुजरात दौरे के दौरान उन्होंने कहा था कि “हमारा असली दुश्मन किसी और देश में नहीं, बल्कि दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता है।” माना जा रहा है कि आज का संबोधन इसी संदर्भ में आत्मनिर्भर भारत से जुड़े संदेश को भी मजबूत कर सकता है।

Youthwings